माण्डकलां में धरणीधर भगवान का मंदिर तैयार, मुख्यमंत्री शिवराज आएंगे

जयपुर । बूंदी और टोंक जिले की सरहद पर स्थित धार्मिक स्थली माण्डकलां में धाकड़ समाज के आराध्य देव धरणीधर भगवान की मूर्ति स्थापना की जाएगी। इसके लिए यहां समाज भव्य मंदिर तैयार करवा रहा है। इसमें शामिल होने के लिए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह को निमंत्रण दिया गया है।
धाकड़ महासभा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष और पूर्व विधायक हीरालाल नागर ने बताया कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने आठ मई को कार्यक्रम में शामिल होने की स्वीकृति दी है। यह मंदिर टोंक जिले में नगरफोर्ट एरिया के माण्डकलां में स्थित है। इस दौरान धाकड़ महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राजगढ़ सांसद रोडमल नागर भी मौजूद थे। नागर ने बताया कि धरणीधर भगवान के मूर्ति स्थापना कार्यक्रम में 21 कुण्डीय धरणीधर यज्ञ का आयोजन होगा, जिसमें 30 अप्रैल से लेकर 08 मई तक प्रतिदिन हवन होगा। साथ ही 30 अप्रैल को कलश यात्रा का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में समाज के राजस्थान समेत मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र से बड़ी संख्या में लोग पहुंचेंगे। सभी के लिए व्यवस्थाएं की जा रही है। हाड़ौती के चारों जिले कोटा, बारां, बूंदी और झालावाड़ में समाज बंधुओं की तादाद काफी ज्यादा है, ऐसे में यहां से बड़ी संख्या में समाज के लोग पहुंचेंगे।
माण्डकलां में धाकड़ समाज के धरणीधर भगवान के विशाल नवनिर्मित मन्दिर का निर्माण पूरा हो चुका है। जिसमें नागर चाल धाकड़ समाज और अखिल भारतीय धाकड़ महासभा का सहयोग रहा है। मंदिर निर्माण पर धाकड़ समाज ने 11 करोड़ रुपये खर्च किए हैं।






