उत्तराखंड

महिला पर तीन भालुओं का हमला, लहूलुहान

नैनीताल। शहर के समीपवर्ती सौड़ क्षेत्र में घास लेने के लिए जंगल गई महिला पर भालू ने हमला बोल दिया। भालू के हमले में महिला बुरी तरह जख्मी हो गई। साथ में मौजूद अन्य महिलाओं ने हो-हल्ला कर भालुओं को भगाया। महिला को बीडी पांडे अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद भर्ती कर दिया गया है। महिला ने क्षेत्र में तीन भालू होने की बात कही है।

सौड़ निवासी 37 वर्षीय खष्टी देवी गांव की ही पांच अन्य महिलाओं के साथ रविवार सुबह घास लेने के लिए जंगल गई हुई थी। घर से कुछ ही दूरी पर वह घास काट ही रही थी कि अचानक एक भालू ने उस पर हमला बोल दिया। एक साथ तीन भालू देख अन्य महिलाओं की भी चीख पुकार मच गई।
महिलाओं ने हो हल्ला कर किसी तरह खष्टी की जान बचाई। मगर भालू ने हमले में उसे बुरी तरह लहूलुहान कर दिया। स्वजन और अन्य ग्रामीण तत्काल उसे लेकर बेटी पांडे अस्पताल पहुंचे, जहां महिला को उपचार दिया गया। डॉ. नेहल ने बताया कि महिला के चेहरे और गर्दन में गहरे जख्म हैं।

जिसमें 16 टांके लगाए गए हैं। फिलहाल महिला को भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। इधर सूचना के बाद रेंजर प्रमोद तिवारी वन विभाग की टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और महिला का हालचाल जाना। उन्होंने बताया कि फिलहाल पीड़ित महिला के परिवार को दस हजार की त्वरित सहायता दी गयी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button