एडीजी नवीन अरोड़ा ने शौर्य प्रशंसा चिन्ह से उपनिरीक्षक शिवाकांत मिश्रा को किया सम्मानित

जिला संवाददाता – राजेश पाठक
जन एक्सप्रेस / प्रतापगढ़: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश पुलिस के कई अधिकारियों और उपनिरीक्षकों को उनकी वीरता, शौर्य एवं उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। इसी क्रम में गाजीपुर जिले के तेजतर्रार उपनिरीक्षक एवं एनकाउंटर स्पेशलिस्ट शिवाकांत मिश्रा को शौर्य प्रशंसा चिन्ह ( सिल्वर मेडल ) से नवाजा गया। शिवाकांत प्रतापगढ़ जिले के कोहड़ौर थाना इलाके के बासूपुर गांव के दिनेश मिश्र के बेटे हैं। वर्तमान में उनकी तैनाती गाजीपुर जिले के नगर कोतवाली थाना क्षेत्र के गोरा बाजार चौकी प्रभारी के पद पर तैनात हैं। डीजीपी द्वारा दिया गया रजत पदक स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एडीजी जोन वाराणसी नवीन अरोड़ा ने उप निरीक्षक को पहनाया। इस दौरान उप निरीक्षक शिवाकांत को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए हमेशा ड्यूटी पर तत्पर रहने के लिए कहा। उपनिरीक्षक को यह मेडल उनके साहस, कर्तव्यनिष्ठा, बहादुरी एवं पुलिस सेवा में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया गया। सम्मान मिलने के बाद पुलिस महकमे में उनके प्रति खुशी और उत्साह का माहौल है। सम्मान प्राप्त करने के बाद शिवाकांत मिश्रा ने इस उपलब्धि के लिए एसपी डॉ. ईरज राजा, एसपी सिटी राकेश मिश्रा एवं सीओ सिटी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन और सहयोग से उन्हें अपने कर्तव्यों का बेहतर ढंग से निर्वहन करने की प्रेरणा मिलती रही है। शिवाकांत मिश्रा को मिले इस सम्मान को उनके साहसिक पुलिस कार्यों और कर्तव्य के प्रति समर्पण की पहचान के रूप में देखा जा रहा है। शिवाकांत की इस उपलब्धि पर धवल द्विवेदी, राजेन्द्र शुक्ल, किशन सोनी, नन्हे पाठक, सत्यप्रकाश पाठक, सन्तोष दूबे समेत क्षेत्रीय लोगों ने उन्हें बधाई दी है।






