उत्तराखंडटिहरी

एडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी ने नंदगांव स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण, गर्भवती महिलाओं की विशेष निगरानी के दिए निर्देश

एडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी ने नंदगांव स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण

जन एक्सप्रेस उत्तराखंड

नई टिहरी: अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नंदगांव का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, दवाइयों के स्टॉक, वार्डों की स्थिति और मरीजों को दी जा रही सेवाओं की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरविंद आर्य ने अस्पताल में तैनात उपस्थित एवं अनुपस्थित कर्मचारियों की जानकारी दी। एडीएम ने दवाइयों के स्टॉक रजिस्टर का अवलोकन किया, जहां वरिष्ठ फार्मासिस्ट दिनेश ने दवाओं का मिलान कर उन्हें जानकारी दी।

अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचे मरीजों से भी एडीएम ने बातचीत की। मरीजों ने बताया कि उन्हें अस्पताल में निःशुल्क दवाइयां और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे उन्होंने संतोष व्यक्त किया।

निरीक्षण के दौरान दवा भंडार कक्ष में भवन की छत से हो रही लीकेज की समस्या भी सामने आई। इस पर एडीएम ने मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. श्याम विजय को जल्द से जल्द मरम्मत कार्य कराने के निर्देश दिए, ताकि दवाओं और स्वास्थ्य सेवाओं पर इसका कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।

महिला एवं पुरुष वार्ड के निरीक्षण के दौरान भर्ती मरीज रोशना देवी और राकेश कुमार से स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में फीडबैक लिया गया। दोनों मरीजों ने अस्पताल में उपलब्ध उपचार एवं सुविधाओं को संतोषजनक बताया।

टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत चल रहे सर्वेक्षण की समीक्षा के दौरान स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी दी कि क्षेत्र में कुल 71 टीबी मरीज चिन्हित किए गए हैं, जिनमें 45 महिलाएं और 26 पुरुष शामिल हैं। इसके अलावा एएनएम द्वारा बताया गया कि क्षेत्र के चार गांवों में वर्तमान में तीन गर्भवती महिलाएं और पांच धात्री माताएं चिन्हित हैं।

अपर जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। साथ ही आगामी मानसून को देखते हुए उनके सुरक्षित संस्थागत प्रसव के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी की जाएं। उन्होंने विशेष रूप से दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाली गर्भवती महिलाओं पर ध्यान देने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए।

इस दौरान मेडिकल ऑफिसर डॉ. अजय अंथवाल, फार्मासिस्ट जयवीर सिंह, एएनएम किरण डबराल, नर्सिंग ऑफिसर तरणजीत कौर एवं गीता भंडारी, सेविका शोभा, एएनएम सरिका रावत तथा सफाई नायक प्रवीण रॉय सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button