उत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहरदोई

बढ़ते जलस्तर पर प्रशासन सतर्क, तटीय क्षेत्रों में चौकसी बढ़ाई गई

 

जिला संवाददाता-बी जी मिश्र

जन एक्सप्रेस /हरदोई :- हरदोई। गंगा और रामगंगा नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने तटीय क्षेत्रों में निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ कर दी है। सिंचाई विभाग की शुक्रवार की सुबह जारी दैनिक रिपोर्ट के अनुसार राजघाट (हरदोई) पर गंगा नदी का जलस्तर 125.50 मीटर दर्ज किया गया, जो चेतावनी बिंदु 125.31 मीटर से करीब 19 सेंटीमीटर ऊपर है। हालांकि नदी अभी भी खतरे के निशान 125.81 मीटर से लगभग 31 सेंटीमीटर नीचे बह रही है।

रिपोर्ट के अनुसार फर्रुखाबाद के पांचाल घाट पर गंगा का जलस्तर 136.85 मीटर, कन्नौज के मेहंदीघाट पर 124.72 मीटर दर्ज किया गया। वहीं रामगंगा नदी में शाहजहांपुर के चौबारी घाट पर 158.40 मीटर, डबरी घाट पर 134.38 मीटर तथा गढ़ नदी के मुमेश आश्रम पर 144.05 मीटर और सांडी स्थित केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) गेज पर 127.53 मीटर जलस्तर रिकॉर्ड किया गया। पिछले 24 घंटों में जिले में तीन मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।

बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने गंगा एवं रामगंगा के घाटों, तटीय गांवों तथा संवेदनशील स्थलों पर पुलिस, राजस्व और सिंचाई विभाग की संयुक्त टीमें तैनात कर दी हैं। घाटों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा लोगों से मुख्य धारा में न उतरने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की जा रही है।

क्षेत्राधिकारी हरपालपुर प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि गंगा घाटों पर पुलिस बल पूरी तरह सतर्क है। संवेदनशील स्थलों पर नियमित गश्त कराई जा रही है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही या अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें और प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश न करें।

नायब तहसीलदार राजेश पटेल ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता आमजन की सुरक्षा है। जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है और तटीय गांवों में राजस्व टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित है तथा आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखे गए हैं। प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button