UP Breaking NewsUP POLICEउत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहरदोई

गंगा में डूबे दो युवकों में से एक का शव बरामद, पांच दिन बाद नारद की तलाश पूरी

 

हरदोई से संवाददाता :- बी जी मिश्र

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- हरदोई मल्लावां थाना क्षेत्र के बेरिया घाट के निकट गंगा नदी में शुक्रवार को एक अज्ञात शव उतराता मिलने के बाद शव को नदी से निकालकर शिनाख्त कराई गई तो उसकी पहचान अरवल थाना क्षेत्र के चौसार गांव निवासी नारद पुत्र गोविंद के रूप में हुई। परिजनों द्वारा मौके पर पहुंचकर शव की पहचान करने के उपरांत पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।जबकि दूसरे युवक ऋषि पुत्र छदामी की तलाश अभी भी जारी है।
जानकारी के अनुसार बीते सोमवार तड़के अरवल थाना क्षेत्र के चौसार गांव निवासी नारद और ऋषि कांवड़ यात्रा के लिए जल लेने कन्नौज स्थित गौरीशंकर मंदिर जाने से पहले कुसुमखोर गंगा घाट पहुंचे थे। गंगा से जल भरते समय अचानक गहराई का अंदाजा न होने के कारण दोनों युवक तेज बहाव में डूब गए। साथ मौजूद युवक शिवम ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक दोनों नदी की धारा में बह गए।

घटना के बाद स्थानीय गोताखोरों, पुलिस, एसडीआरएफ टीम तथा बेहथर क्षेत्र से आए गोताखोरों ने लगातार पांच दिनों तक सघन खोज अभियान चलाया, लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं मिला।शुक्रवार की सुबह मल्लावां थाना पुलिस ने अरवल पुलिस को बेरिया घाट के पास एक शव मिलने की सूचना दी। सूचना पर परिजन और अरवल पुलिस मौके पर पहुंची, जहां शव की पहचान नारद के रूप में हुई।अरवल थाने के उप निरीक्षक शिवाकांत पांडेय ने परिजनों की मौजूदगी में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं प्रशासन ने बताया कि दूसरे युवक ऋषि की तलाश के लिए एसडीआरएफ एवं स्थानीय गोताखोरों की मदद से खोज अभियान लगातार जारी है।घटना के बाद से ग्राम चौसार और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने गंगा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को और प्रभावी बनाए जाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button