उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

पसेवा गांव में ₹100 के विवाद पर दोस्त ने की दोस्त की हत्या, गांव में मचा हड़कंप

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर जिले के केराकत कोतवाली क्षेत्र के पसेवा गांव में सोमवार की रात एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। शराब के केवल ₹100 के लेनदेन को लेकर हुए झगड़े में एक दोस्त ने अपने ही दोस्त की जान ले ली। इस घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।

जानकारी के अनुसार, पसेवा गांव निवासी अरविंद चौहान (35) का सोमवार रात अपने साथी मुकेश हरिजन से शराब के ₹100 को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों के बीच कहासुनी मारपीट में बदल गई। इस दौरान मुकेश ने अरविंद पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी त्रिवेणी सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर पुलिस प्रशासन तैनात है और मामले की जांच की जा रही है।

मृतक की भाभी मनीषा देवी ने आरोप लगाया कि मुकेश हरिजन ने ₹100 के विवाद में उनके देवर की हत्या की है। मृतक अरविंद चौहान पेशे से पेड़ काटने का काम करते थे। उनके पिता स्वर्गीय लाल जी चौहान, माता प्रेम देवी हैं। पत्नी गुड़िया देवी पंजाब में एक कंपनी में काम करती हैं। अरविंद अपने पीछे दो बच्चे — अर्जुन (12 वर्ष) और कृष्ण (8 वर्ष) छोड़ गए हैं।

गांव में घटना को लेकर शोक की लहर है। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button