“पंचायत चुनाव में लोकतंत्र का उत्सव: पहाड़ से मैदान तक मतदान को लेकर दिखा

जन एक्सप्रेस /उत्तराखंड:11 बजे तक प्रदेश में 19% मतदान, पहले चरण में उत्साहजनक शुरुआत उत्तराखंड में पंचायत चुनाव के पहले चरण में गुरुवार को सुबह से ही मतदान को लेकर खासा उत्साह देखा गया। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, सुबह 11 बजे तक प्रदेश भर में 19 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
टिहरी के पांच ब्लॉकों में 10 बजे तक 10.66% मतदान
टिहरी जिले के जौनपुर, धौलधार, जाखणीधार, भिलंगना और प्रतापनगर ब्लॉक में 10 बजे तक कुल 10.66 प्रतिशत मतदान हो चुका था। इसमें जौनपुर में 11.89%, धौलधार में 12.58%, और भिलंगना में 9.81% मतदान हुआ।
पूर्व विधायक और कैबिनेट मंत्री ने किया मतदान, दिखाई सहभागिता की मिसाल
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने अपने गृहक्षेत्र पौड़ी के पोखड़ा में मतदान किया, जबकि पूर्व विधायक केदार सिंह रावत ने अपने परिवार संग नारायणपुरी में वोट डाला। मतदान से पहले प्रत्याशियों और ग्रामीणों ने अपने ईष्ट देवताओं की पूजा-अर्चना कर लोकतंत्र के इस पर्व में भागीदारी निभाई।
बुजुर्गों और दिव्यांगों में भी मतदान को लेकर जोश, 95 साल की महिला ने डाला वोट
श्रीनगर के खिरसू ब्लॉक में 95 वर्षीय झांपा देवी ने वोट डालकर सभी को प्रेरित किया। वहीं, समाज कल्याण विभाग ने 80 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों और 447 दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष सहयोग और वाहन सेवाएं सुनिश्चित की हैं।
चमोली के चार विकासखंडों में एक लाख से अधिक मतदाता डालेंगे वोट
चमोली जिले के ज्योतिर्मठ, देवाल, थराली और नारायणबगड़ विकासखंडों में मतदान सुबह 8 बजे से शुरू हुआ। इन क्षेत्रों में कुल 1,04,715 मतदाता, 232 ग्राम प्रधान, 91 क्षेत्र पंचायत सदस्य और 9 जिला पंचायत सदस्यों का चयन करेंगे।
सबसे अधिक मतदाता: नारायणबगड़ (29,912)
सबसे कम मतदाता: देवाल (22,947)
महिला मतदाताओं की संख्या कुल मिलाकर लगभग 50% के करीब रही।
शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा मतदान, प्रशासन मुस्तैद
अब तक प्रदेश के सभी विकासखंडों में शांतिपूर्ण माहौल में मतदान प्रक्रिया चल रही है। सुरक्षाबलों और स्थानीय प्रशासन की सतर्कता के चलते किसी भी अव्यवस्था की खबर नहीं है।
मतदान केंद्रों पर दिखी ग्रामीणों की सक्रियता
देवाल, थराली और नारायणबगड़ जैसे दुर्गम इलाकों में भी ग्रामीण सुबह से ही मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे थे। प्रत्याशियों ने भी पहले पूजा कर, फिर मतदान किया।






