
जन एक्सप्रेस /पुरोला :-तहसील परिसर पुरोला में गुरुवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, उत्तरकाशी के निर्देशानुसार विश्व मानव तस्करी विरोधी दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मानव तस्करी जैसी गंभीर सामाजिक समस्या के प्रति आमजन को जागरूक करना तथा पीड़ितों के अधिकारों और सुरक्षा संबंधी जानकारी देना रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तहसीलदार कमल सिंह राठौर ने कहा कि मानव तस्करी एक जघन्य अपराध है। इससे बचाव के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सतर्क और जागरूक रहने की आवश्यकता है। उन्होंने अपील की कि यदि कहीं मानव तस्करी अथवा किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलती है तो तत्काल पुलिस और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना दी जाए।
उन्होंने कहा कि महिलाओं, बच्चों और कमजोर वर्गों को जागरूक कर इस अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को मानव तस्करी के कारणों, इसके दुष्परिणामों और इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।
उल्लेखनीय है कि राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देश पर 30 जुलाई को पूरे प्रदेश में विश्व मानव तस्करी विरोधी दिवस के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुरोला तहसील परिसर में भी लोगों को मानव तस्करी के खिलाफ एकजुट होकर कार्य करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में पीएलवी दर्शन लाल, अरुण सिंह, अमित नेगी, सुरेंद्र लाल, सोवेन्द्र, केशर नेगी, बिजेंद्र पंवार, श्रीदेव, अनिल खंडूरी, महेश आर्य सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
पुरोला संवाददाता सचिन






