
जन एक्सप्रेस /पिथौरागढ़ :- राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद पिथौरागढ़ में विद्यार्थियों को तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बिण में जागरूकता गोष्ठी एवं कला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना और तंबाकू मुक्त समाज के प्रति जागरूकता विकसित करना था।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जे.एस. चुफाल तथा अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं जिला नोडल अधिकारी डॉ. प्रशांत कौशिक के निर्देशन में जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ (डीटीसीसी) की टीम ने छात्र-छात्राओं को तंबाकू सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य दुष्प्रभावों की विस्तार से जानकारी दी।
विशेषज्ञों ने बताया कि तंबाकू का सेवन कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की गंभीर बीमारियों और कई अन्य जानलेवा रोगों का प्रमुख कारण है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं तंबाकू से दूर रहने और अपने परिवार व समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
जागरूकता गोष्ठी के बाद ‘तंबाकू निषेध’ विषय पर कला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और उपस्थित लोगों ने जीवनभर तंबाकू का सेवन न करने की शपथ ली। आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने का संदेश दिया।






