उत्तराखंडनैनीताल

कैंची धाम में शुरू होंगे ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन, श्रद्धालुओं को मिलेगी भीड़ और जाम से राहत

शासन ने जिलाधिकारी के प्रस्ताव को दी मंजूरी, दर्शन के लिए तय होगी अधिकतम संख्या, मंदिर गेट पर लगेगा हाईटेक कैमरा सिस्टम

जन एक्सप्रेस नैनीताल/कैंचीधाम: लोकप्रिय धार्मिक स्थल कैंची धाम में जल्द ही ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन व्यवस्था लागू होने जा रही है। मंदिर में श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती भीड़ और ट्रैफिक जाम की समस्या को देखते हुए जिलाधिकारी वंदना सिंह द्वारा भेजे गए प्रस्ताव को शासन से मंजूरी मिल गई है। इसके बाद अब पर्यटन विभाग ने क्षेत्र की धारण क्षमता का सर्वे शुरू कर दिया है।

कैमरों से होगी निगरानी, गिनती भी होगी डिजिटल

मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की सटीक संख्या जानने के लिए मंदिर गेट पर हेड काउंटिंग कैमरे और वाहनों की निगरानी के लिए एएनपीआर कैमरे लगाए जाएंगे। इसके तहत बिना रजिस्ट्रेशन श्रद्धालु दर्शन नहीं कर सकेंगे। इससे व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में प्रशासन को बड़ी मदद मिलेगी।

एक दिन में सिर्फ 7000 श्रद्धालु की है क्षमता, पहुंच रहे 20-22 हजार

हाल ही में कराए गए सर्वे में सामने आया है कि मंदिर की प्रतिदिन की अधिकतम क्षमता सात हजार श्रद्धालुओं की है, जबकि वीकेंड में 20 से 22 हजार श्रद्धालु रोज पहुंच रहे हैं।
सिर्फ 20 दिनों में कैंचीधाम में 3,72,000 श्रद्धालु पहुंचे, जो मंदिर की क्षमता से तीन गुना अधिक है। इससे क्षेत्र में भारी भीड़ और जाम की स्थिति पैदा हो रही है, जिससे न सिर्फ श्रद्धालु बल्कि स्थानीय निवासी और पर्यटक भी परेशान हो रहे हैं।

जिलाधिकारी की पहल, पर्यटन सचिव ने दी हरी झंडी

डीएम वंदना सिंह ने इस स्थिति को देखते हुए शासन को रिपोर्ट भेजी थी, जिसमें श्रद्धालुओं के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था लागू करने की सिफारिश की गई थी। शासन ने इसे मंजूरी देते हुए पर्यटन विभाग को कार्यवाही शुरू करने के निर्देश दिए हैं। क्षेत्रीय स्तर पर एसडीएम कैंची को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
हल्द्वानी, काठगोदाम और भवाली से नैनीताल और कैंचीधाम के लिए अब रोजाना मल्टीपल राउंड में ट्रेवलर वाहन चलेंगे।

हल्द्वानी से नैनीताल: सुबह 6:30, 7:30, 8:30, 9:30 बजे काठगोदाम से नैनीताल: सुबह 6, 7, 8 और 9 बजे नैनीताल-कैंचीधाम: रोजाना 5 राउंड तय इससे श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button