पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध ऋण उपलब्ध कराएं बैंक
रोजगार सृजन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा
जन एक्सप्रेस / हरदोई
जनपद में रोजगार सृजन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गुरुवार को जिला परामर्शदात्री समिति (DCC) एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति (DLRC) की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी अनुनय झा ने की। इस दौरान बैंकिंग गतिविधियों, विभिन्न सरकारी योजनाओं के अंतर्गत ऋण वितरण तथा वित्तीय समावेशन कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी बैंक शाखाओं को निर्देशित किया कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP), मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, किसान क्रेडिट कार्ड (KCC), प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, मुद्रा योजना तथा अन्य स्वरोजगारपरक योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध रूप से ऋण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी आम जनता तक पहुंचेगा जब पात्र लोगों को बिना अनावश्यक विलंब के ऋण सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
डीएम अनुनय झा ने कहा कि बैंक और संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर जनपद में रोजगार के नए अवसर सृजित करने तथा आर्थिक गतिविधियों को गति देने के लिए प्रभावी ढंग से कार्य करें। उन्होंने अधिकारियों से यह भी अपेक्षा की कि ऋण वितरण की प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाया जाए, जिससे अधिक से अधिक पात्र लोग सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें। बैठक के दौरान विभिन्न बैंकों के जमा-ऋण अनुपात (CD Ratio), प्राथमिकता क्षेत्र ऋण वितरण, कृषि ऋण, स्वयं सहायता समूहों के वित्तपोषण तथा वित्तीय समावेशन कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान जिन बैंकों की प्रगति निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप नहीं पाई गई, उन्हें सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। अग्रणी जिला प्रबंधक अरविंद रंजन ने बैठक में जनपद की बैंकिंग स्थिति का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया। उन्होंने बताया कि विभिन्न बैंक सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय सहयोग प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने ऋण वितरण, वित्तीय समावेशन तथा बैंकिंग सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी साझा की।
बैठक में वित्तीय साक्षरता कार्यक्रमों और डिजिटल बैंकिंग को बढ़ावा देने पर भी विशेष चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में लोगों को डिजिटल लेन-देन तथा बैंकिंग सेवाओं के प्रति जागरूक करने के लिए निरंतर अभियान चलाए जा रहे हैं।जिलाधिकारी ने विशेष रूप से मछुआ समुदाय के लिए किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) बनाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मछुआरों को भी वित्तीय सहायता उपलब्ध कराकर उनकी आजीविका को सशक्त बनाया जा सकता है और उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार लाया जा सकता है। बैठक के अंत में जिलाधिकारी अनुनय झा ने जनपद की जिला ऋण योजना का विमोचन किया। उन्होंने अधिकारियों एवं बैंक प्रतिनिधियों से अपेक्षा की कि योजना के लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए और अधिक से अधिक लोगों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाए। इस अवसर पर जिला उद्योग अधिकारी हर्ष प्रताप सिंह, अग्रणी जिला प्रबंधक अरविंद रंजन, जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी, विभिन्न बैंक शाखाओं के अधिकारी, जिला स्तरीय विभागीय अधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।





