आजमगढ़: मेंहनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, युवक की हत्या करने वाला आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार

जन एक्सप्रेस/ आजमगढ़: जनपद के मेंहनगर थाना क्षेत्र में मामूली विवाद में एक युवक की चाकू मारकर हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त आलाकत्ल (चाकू) भी बरामद कर लिया है।
क्या था मामला? (घटनाक्रम)
दिनांक 11 अप्रैल 2026 की रात करीब 10 बजे ग्राम कटाँत चक कटाँत में मोहन (पुत्र स्व. पल्टन राम) शराब के नशे में अपने घर के पीछे गाली-गलौज कर रहा था। गांव के ही विजेन्द्र कुमार गौतम (36 वर्ष) ने जब उसे गाली देने से मना किया, तो विवाद बढ़ गया। आवेश में आकर मोहन ने जान से मारने की नीयत से विजेन्द्र पर चाकू से ताबड़तोड़ प्रहार कर दिए।
गंभीर रूप से घायल विजेन्द्र को उपचार हेतु जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। इस मामले में मृतक के पिता लौटन राम की तहरीर पर पुलिस ने धारा 103(1)/352 BNS के तहत मुकदमा पंजीकृत किया था।
हुसैनिया चौक के पास से हुई गिरफ्तारी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा अपराधियों की धरपकड़ हेतु चलाये जा रहे अभियान के क्रम में मेंहनगर थाना प्रभारी निहार नन्दन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जाल बिछाया। 13 अप्रैल की रात करीब 10:45 बजे पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर अभियुक्त मोहन को हुसैनिया चौक के पास से हिरासत में ले लिया।
हथियार बरामद और कानूनी कार्रवाई
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर से हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में 4/25 आर्म्स एक्ट की भी वृद्धि की गई है।
गिरफ्तार करने वाली टीम:
-
प्रभारी निरीक्षक निहार नन्दन कुमार
-
उ0नि0 आदिल खाँ व उ0नि0 तुषार त्रिपाठी
-
हे0का0 अनिल कुमार, का0 सोनू यादव, का0 आदित्य पाण्डेय, का0 विकास यादव व का0 सन्दीप यादव।






