पाठा के कांवड़ियों का जत्था देवघर के लिए हुआ रवाना

जन एक्सप्रेस संवाददाता । चित्रकूट
बुधवार को मारकुंडी स्थित मार्कंडेय आश्रम से कांवड़ियों का जत्था बाबा वैद्यनाथ धाम के दर्शन के लिए देवघर के लिए रवाना हुआ। हर-हर महादेव का जयघोष लगाकर लोगों ने कांवड़ियों की बड़े धूमधाम से विदाई की। कावड़ियां श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह दिख रहा है।
क्षेत्र के विभिन्न गांव से कांवड़ियों का जत्था बोल बम के जयघोष के साथ रवाना हो रहा है। बुधवार को चित्रकूट के पाठा क्षेत्र के मारकुंडी गांव के यज्ञेस त्रिपाठी के नेतृत्व में नाचते गाते कांवड़ियों का जत्था सुल्तानगंज पहुंचकर उत्तरवाहिनी गंगा नदी से जल उठाकर कांवड़ लेकर 120 किमी. की पदयात्रा कर बाबा वैद्यनाथ को जल चढाएंगे।
कावड़ियों के जत्थे में यज्ञेश त्रिपाठी, बुध्दविलास त्रिपाठी, राकेश द्विवेदी, पिंटू द्विवेदी, रजनीश बच्चा जायसवाल, पवन द्विवेदी, नारायणदास द्विवेदी, बबलू , प्रिंस द्विवेदी, कल्लू यादव, मदन मिस्त्री आदि शामिल हैं। यज्ञेश त्रिपाठी ने बताया कि 30 साल से हम लोग अनवरत बाबा धाम की कांवड़ यात्रा मे शामिल होकर जल चढाने का सौभाग्य मिल रहा हैं। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में गजब का उत्साह है। सावन का महीना आते ही भक्तों पर भगवान शिव की भक्ति का खुमार चारों तरफ छा जाता है।






