हरदोई में शस्त्र लाइसेंस फाइल दबाने का बड़ा खेल, पूर्व लिपिक समेत 3 पर FIR दर्ज

जन एक्सप्रेस/हरदोई: हरदोई कलेक्ट्रेट में शस्त्र लाइसेंस से जुड़ी एक पुरानी फाइल को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। मामले में फाइल दबाने और रिकॉर्ड से छेड़छाड़ के आरोप में पूर्व शस्त्र लिपिक सहित तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
मौजूदा शस्त्र लिपिक विनय कुमार शुक्ला की तहरीर पर कोतवाली शहर पुलिस ने हरी सिंह, सुधीर और पंडित के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह मामला वर्ष 2015 का बताया जा रहा है। ग्राम नयागांव हबीबपुर निवासी श्रीशचन्द्र बाजपेयी ने अपने दिवंगत पिता के नाम से जारी 12 बोर शस्त्र लाइसेंस को अपने नाम ट्रांसफर कराने के लिए आवेदन किया था।
नियमों के अनुसार आवेदन की जांच और सक्षम अधिकारी के आदेश के बाद लाइसेंस ट्रांसफर होना था, लेकिन आरोप है कि तत्कालीन लिपिक हरी सिंह और उनके सहयोगियों ने जानबूझकर फाइल को दबा दिया।
इतना ही नहीं, शिकायत में यह भी कहा गया है कि बिना किसी वैध आदेश के फाइल को अभिलेखागार में दाखिल दिखाकर मामला कागजों में बंद कर दिया गया। साथ ही न्यायिक अभिलेखागार की अभिलेखपाल पर दबाव बनाकर फाइल को नष्ट कराने की कोशिश भी की गई।
यदि आरोप सही साबित होते हैं तो यह मामला केवल लापरवाही नहीं बल्कि सरकारी रिकॉर्ड से छेड़छाड़ और नागरिक अधिकारों के हनन का गंभीर मामला बन सकता है।
फिलहाल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और जल्द ही सच्चाई सामने आने की उम्मीद है।






