सड़क हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई कार बनी आग का गोला,लगी आग,

जन एक्सप्रेस/हरदोई: हरदोई जनपद में बिलग्राम से सांडी की ओर जा रही एक कार सांडी तिराहा स्थित चंद्रा होटल के पास अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर-ट्रॉली के पिछले हिस्से में जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार में अचानक आग लग गई और कुछ ही पलों में पूरी कार आग का गोला बन कर धू-धू कर जलने लगी। गनीमत रही कि कार चालक ने समय रहते गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार कार चालक 30 वर्षीय अमन पुत्र रामू बुधवार की देर रात कार लेकर बिलग्राम से सांडी जा रहा था। जैसे ही वह सांडी तिराहा स्थित चंद्रा होटल के पास पहुंचा,उसी समय आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली के पिछले हिस्से में उसकी कार अनियंत्रित होकर टकरा गई। टक्कर के बाद कार के इंजन से आग की लपटें उठने लगीं।और देखते ही देखते कार आग का गोला बनकर धू धू कर जलने लगी।कार में आग लगते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।हालांकि चालक अमन ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत कार से छलांग लगा दी।जिससे उसकी जान बच गई। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।कार मालिक चंदन पुत्र नरेश चंद, निवासी बिलग्राम, ने बताया कि उनकी कार संख्या UP 30 CB 3780 को अमन चला रहा था। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कार पूरी तरह नष्ट हो गई। घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई, जिसने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। हादसे के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।






