
जन एक्सप्रेस /चिन्यालीसौड़ :- नगर पालिका परिषद चिन्यालीसौड़ के अध्यक्ष मनोज कोहली ‘श्याम’ ने सात सभासदों की शिकायत पर एसडीएम डुंडा द्वारा प्रस्तुत जांच आख्या को तथ्यहीन, एकतरफा और नियमों के विपरीत बताते हुए जिलाधिकारी को पत्र भेजकर मामले की निष्पक्ष पुनः जांच कराने की मांग की है।
बुधवार को जारी विज्ञप्ति में मनोज कोहली ने कहा कि नगर पालिका के सभी कार्य उत्तराखंड प्रोक्योरमेंट नियमावली-2017 एवं 2025 के अनुरूप किए गए हैं। उन्होंने सभासदों द्वारा लगाए गए आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताया।
वित्तीय अनियमितता के आरोपों पर उन्होंने कहा कि जिस राशि को लेकर लगभग ₹11.66 करोड़ की अनियमितता का आरोप लगाया जा रहा है, उसके संबंध में आय-व्यय का पूरा विवरण उपलब्ध कराया जा चुका है।
पालिका वाहन के उपयोग को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि 23 दिनों की यात्रा शासकीय एवं जनहित के कार्यों के लिए की गई थी। साथ ही उन्होंने कहा कि सभासदों की नाराजगी के बाद उन्होंने स्वेच्छा से सरकारी वाहन का उपयोग बंद कर दिया है।
निविदा प्रक्रिया पर सफाई देते हुए उन्होंने बताया कि सभी टेंडर राष्ट्रीय सहारा, दैनिक भास्कर, हिंदुस्तान और दैनिक जागरण जैसे राष्ट्रीय स्तर के समाचार पत्रों में प्रकाशित किए गए थे। निविदा की तिथि बढ़ाने की प्रक्रिया भी नियमानुसार अपनाई गई।
मनोज कोहली ने आरोप लगाया कि उन्हें षड्यंत्र के तहत फंसाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में कोई वित्तीय अनियमितता नहीं हुई और सभी कार्य मितव्ययिता एवं नियमों का पालन करते हुए किए गए हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि उनके कार्यकाल में किसी कर्मचारी से कोई त्रुटि हुई हो तो उसकी जवाबदेही वे स्वयं लेने को तैयार हैं। साथ ही उन्होंने मांग की कि प्रशासक काल के कार्यों की भी तुलनात्मक जांच कराई जाए और यदि उस अवधि में कोई अनियमितता या गबन पाया जाता है तो उसकी जवाबदेही भी संबंधित प्रशासक की तय की जाए।
पालिका अध्यक्ष ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष एवं पुनः जांच कराने का अनुरोध किया है।






