राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज अयोध्या दौरे पर, श्रीराम यंत्र स्थापना का ऐतिहासिक क्षण

जन एक्सप्रेस/ लखनऊ/ अयोध्या: आज अयोध्या एक ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने जा रहा है, जब द्रौपदी मुर्मू श्रीराम मंदिर के द्वितीय तल पर श्रीराम यंत्र की विधिवत स्थापना करेंगी। इस विशेष समारोह में लगभग सात हजार आमंत्रित अतिथि शामिल होंगे।राष्ट्रपति का आगमन सुबह करीब 11 बजे महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर होगा, जहां उनका स्वागत योगी आदित्यनाथ करेंगे। इसके बाद वे सड़क मार्ग से आद्य शंकराचार्य द्वार (गेट नंबर 11) के जरिए मंदिर परिसर में प्रवेश करेंगी।मंदिर पहुंचकर राष्ट्रपति रामलला के दरबार में हाजिरी लगाकर आशीर्वाद लेंगी और फिर द्वितीय तल पर जाकर श्रीराम यंत्र की स्थापना व पूजन अनुष्ठान में भाग लेंगी।इस दौरान आनंदीबेन पटेल, राम मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि, सदस्य जगद्गुरु विश्व प्रसन्न तीर्थ सहित कई आचार्य और गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे।राष्ट्रपति का अयोध्या प्रवास लगभग चार घंटे का रहेगा। वह दोपहर तीन बजे तक मंदिर परिसर में रहेंगी और इसके बाद 3:15 बजे हवाई अड्डे से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी।इस कार्यक्रम को लेकर पूरे अयोध्या में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और शहर में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है।






