माघ मेला- 2026 : एएसपी व सीओ सिटी ने यातायात व पार्किंग व्यवस्था का लिया जायजा

जन एक्सप्रेस/ प्रतापगढ़: प्रयागराज माघ मेला 2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुगम यातायात को लेकर एसपी दीपक भूकर के निर्देशन में जिले की पुलिस ने भी अपनी कमर कस ली है और पूरी तरह अलर्ट है। तैयारियों की समीक्षा करने निकले अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी शैलेन्द्र लाल व सहायक पुलिस अधीक्षक (सीओ सिटी) प्रशांत राज हुड्डा शुक्रवार को प्रयागराज अयोध्या राजमार्ग पर स्थित कोहड़ौर थाना पहुंचे। उन्होंने थाना प्रभारी धनन्जय राय को निर्देशित करते हुए रुट डायवर्जन पर पुलिसकर्मियों को मुस्तैद रहने के लिए निर्देशित किया। इस दौरान भारी वाहनों के लिए चिन्हित किये गए पार्किंग स्थल का जायजा लिया। एएसपी ने थाना इलाके में राजमार्ग पर लगे कैमरों से सम्बंधित विस्तृत जानकारी ली। मालूम हो कि प्रयागराज अयोध्या राजमार्ग पर भारी संख्या में श्रद्धालुओं का आना-जाना रहता है। जिसके चलते जिले में यातायात संसाधनों, डायवर्जन, पार्किंग व्यवस्था, होल्डिंग एरिया समेत भीड़ प्रबंधन को लेकर पुलिस व प्रशासन की जिम्मेदारी बढ़ जाती है। मेला अवधि के दौरान जनसामान्य की सुविधा, सुरक्षा, यातायात सुगमता तथा श्रद्धालुओं की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित किए जाने को लेकर जिले की पुलिस पूरी तरह तैयार है। एएसपी पूर्वी ने कहा कि पूरे मेले के साथ ही मुख्य स्नान पर्वों पर खास सतर्कता रहेगी। मेले में वाहनों का दबाव न बनने पाए, इसका ध्यान रखा जाए। महत्वपूर्ण प्वाइंट तय किए गये हैं। रूट डायवर्जन व बेहतर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।






