भालू के हमले में ग्रामीण गंभीर रूप से घायल, प्रयागराज रेफर
लकड़ी बीनने जंगल गया था राम आसरे, सीजन में बढ़े भालुओं के हमले, ग्रामीणों को किया गया सतर्क

जन एक्सप्रेस/चित्रकूट : मानिकपुर तहसील के अन्तर्गत निही चरैया गांव के कोडरिया पुरवा निवासी 45 वर्षीय राम आसरे रविवार को लकड़ी बीनने पास के जंगल गया था। तभी अचानक एक जंगली भालू ने उस पर हमला कर दिया। राम आसरे को चेहरा, सिर और हाथ में गंभीर रूप से चोंट आई है। शोर सुनकर पास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह भालू को भगाया। परिजन घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया।
जिला अस्पताल में हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने राम आसरे को प्रयागराज रेफर कर दिया। वहां उसका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि भालू ने चेहरे और पीठ पर गंभीर घाव किए हैं। डॉक्टरों के मुताबिक स्थिति फिलहाल स्थिर है लेकिन निगरानी की जरूरत है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
गौरतलब है कि बारिश के मौसम में जंगलों में भालुओं की चहल-पहल बढ़ जाती है, क्योंकि इसी समय वे बच्चों को जन्म देते हैं। ऐसे में किसी भी मानव गतिविधि को वे खतरे के रूप में लेते हैं और सीधे हमला कर देते हैं। वन विभाग और प्रशासन ने जंगल से सटे गांवों के लोगों को सतर्क रहने और बिना आवश्यकता जंगल न जाने की सलाह दी है। स्थानीय अधिकारियों ने भी इलाके में वन्यजीव चेतावनी बोर्ड लगाने की बात कही है।






