उत्तर प्रदेशप्रतापगढ़

शातिर अपराधी चढ़ा पुलिस के हत्थे : एटीएम में प्लेट लगाकर करता था धोखाधड़ी

जन एक्सप्रेस प्रतापगढ़: जिले की नगर कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को एटीएम से धोखाधड़ी करने वाले एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया। बीते माह अक्टूबर में यूको बैंक के शाखा प्रबंधक ने थाना कोतवाली नगर पर सूचना दी थी कि एटीएम में कुछ अराजक तत्वों द्वारा कूटरचित तरीके से छेड़छाड़ कर काली शीट लगाकर ग्राहकों के धन की धोखाधड़ीपूर्वक निकासी की गई है। जिसके बाद पुलिस मुकदमा दर्ज कर तलाश में जुटी थी। उसी क्रम में थाने पर तैनात एसआई अनुपम त्रिपाठी ने पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर अन्तर्जनपदीय अभियुक्त सबीउद्दीन उर्फ शौकीन निवासी शकूहाबाद थाना लीलापुर को थाना कोतवाली नगर इलाके में रोडवेज के बगल गली के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से एक काली प्लास्टिक की प्लेट, एक कटर चाकू, एक फर्जी आधार कार्ड व एटीएम फ्राड का पांच हजार पांच सौ रुपए नगद बरामद किया। पूछताछ में आरोपी ने अपनी कार्यप्रणाली का खुलासा किया। वह एटीएम के अंदर जाकर निकासी द्वार को फाइबर प्लेट से बंद कर देता था। जब कोई व्यक्ति पैसे निकालता, तो राशि निकासी द्वार पर ही रुक जाती। ग्राहक के जाने के बाद वह प्लेट हटाकर पैसे निकाल लेता था। इसके अलावा वह विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड रखता था। लोगों की मदद करने के बहाने उनका पिन जान लेता और कार्ड बदल देता था। बाद में इन कार्डों से पीड़ितों के खाते से पैसे निकाल लेता था। आधार कार्ड के सम्बन्ध में बताया कि अपराध करने के दौरान अपनी पहचान छिपाने के लिए फिल्मी तरीके से आधार कार्ड को कूटरचित कर फोटो या नाम पता को बदल कर धोखाधड़ी करने के उद्देश्य से आधार कार्ड बनाते हैं । जिससे की घटना के बाद अपनी पहचान छिपाकर आसानी से पुलिस से बच सके। गिरफ्तार अन्तर्जनपदीय अभियुक्त सबीउद्दीन उर्फ शौकीन के खिलाफ प्रतापगढ़ ही नही बल्कि प्रयागराज, वाराणसी, रायबरेली जिले में भी लूट, डकैती, धोखाधड़ी, विस्फोटक पदार्थ, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, मारपीट जैसे गम्भीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। नगर कोतवाली थाना प्रभारी सुभाष यादव ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त प्रतापगढ़ के साथ ही पड़ोसी जिलों में भी एटीएम फ्राड की वारदात को अंजाम देते थे। इसके विरुद्ध ग्यारह मुकदमे अलग अलग जिलों के थानों में दर्ज हैं। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button