नई टिहरी। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं और मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं। कार्यक्रम में कुल 50 शिकायतें एवं मांग पत्र प्राप्त हुए। जिलाधिकारी ने अधिकांश मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता मिलन कार्यक्रम में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की नियमित समीक्षा की जाए। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। शिकायतों के समाधान के लिए जरूरत पड़ने पर संबंधित विभाग अपने स्तर पर कैंप आयोजित करें, ताकि ग्रामीणों और आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।
सड़क, पेंशन और पेयजल से जुड़ी शिकायतें प्रमुख
जनता मिलन में सड़क निर्माण एवं भूमि दबान के मुआवजे, पेंशन, विद्युत पोल लगाने, पेयजल, पुनर्वास मुआवजा, आधार कार्ड, सीएससी सेंटर खोलने, आवास और सोलर लाइट समेत कई मामलों से संबंधित शिकायतें सामने आईं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस दौरान मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की साप्ताहिक समीक्षा भी की गई। जिलाधिकारी ने श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय, कृषि, राजस्व, वन और पूर्ति विभाग समेत विभिन्न विभागों से संबंधित लंबे समय से लंबित शिकायतों का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
ग्राम साबली मल्ली, रानीचौरी निवासी बिजलदास ने भवन के समीप स्थित चीड़ के दो बड़े पेड़ों से आंधी-तूफान के दौरान जान-माल और भवन को संभावित नुकसान की आशंका जताते हुए पेड़ों के पातन का अनुरोध किया। डीएम ने उपजिलाधिकारी को मामले का आवश्यक परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
बटखेम मोटर मार्ग का मामला भी उठा
विकासखंड चंबा के ग्राम बटखेम की प्रधान मंजू देवी ने बताया कि गांव के लिए मोटर मार्ग की स्वीकृति पहले ही हो चुकी है, लेकिन पीएमजीएसवाई की ओर से अभी तक आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने पीएमजीएसवाई चंबा के अधिकारियों को तत्काल मौके का निरीक्षण करने और वन भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया नियमानुसार पूरी करने के निर्देश दिए।
ग्राम सारपूल, घनसाली निवासी मंजू देवी ने विधवा पेंशन के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। जिलाधिकारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को नियमानुसार पेंशन स्वीकृति की कार्रवाई तत्काल करने के निर्देश दिए।
वहीं दिखोलगांव की सुषमा देवी, भेंतला प्रतापनगर के खुशाल सिंह और वेरनी छोटी के विशालमणि ने सड़क कटान के बाद भूमि दबान, फसल, फलदार पेड़ों और गूलों को हुए नुकसान के प्रतिकर का मामला उठाया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई करने तथा निर्माणदायी संस्थाओं को प्रभावित लोगों के लंबित प्रतिकर मामलों के निस्तारण के लिए कैंप लगाने के निर्देश दिए।
हैंडपंपों की स्थिति की मांगी रिपोर्ट
विकासखंड देवप्रयाग के गुड्डा सिंह कठैत ने बीपीएल राशन कार्ड में अनियमितता, जंगली जानवरों के आतंक, बाहरी राज्यों से आए लोगों के पुलिस सत्यापन, स्यूटा-दासोली क्षेत्र के राजकीय अस्पताल में सुविधाएं बढ़ाने और खराब हैंडपंपों की समस्या उठाई। डीएम ने संबंधित विभागों को आवश्यक परीक्षण कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने जल संस्थान के अधिकारियों से जिले में कुल हैंडपंपों की संख्या, सक्रिय एवं खराब हैंडपंपों की स्थिति और मरम्मत योग्य हैंडपंपों की सूची उपलब्ध कराने को कहा।
चंबा विद्युत वितरण खंड में ठेकेदार द्वारा लाइनमैन और अन्य कर्मचारियों को वेतन नहीं दिए जाने की शिकायत पर भी जिलाधिकारी ने एसडीओ चंबा को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
प्रतापनगर क्षेत्र में सड़कों के निर्माण से जुड़ा मामला भी सामने आया। अधिकारियों ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, लेकिन कार्य शुरू नहीं हो पाया है। जिलाधिकारी ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति की ओर से आपत्ति दर्ज कराई गई है तो संबंधित पक्ष से नियमानुसार वार्ता कर आवश्यक कार्रवाई की जाए और प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाए। उन्होंने बरसात को देखते हुए टेंडर प्रक्रिया समय से पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि बारिश समाप्त होने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जा सके।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, सीएमओ डॉ. राम प्रकाश, जिला विकास अधिकारी मो. असलम, एसडीएम कमलेश मेहता समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।






