
जन एक्सप्रेस/नई टिहरी :- नई टिहरी में सोमवार को जिला सभागार में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में आयोजित जनता दरबार में जनपदवासियों की समस्याएं और शिकायतें सुनी गईं। कार्यक्रम के दौरान 55 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें पेयजल, पुनर्वास, लोक निर्माण विभाग, वन विभाग, राशन कार्ड और अन्य विभागों से जुड़े मामले प्रमुख रहे।
बैठक के दौरान सीएम हेल्पलाइन और जन समर्पण पोर्टल पर लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और जिन मामलों का समाधान हो चुका है, उन्हें तत्काल पोर्टल पर अपडेट किया जाए।
विभिन्न मामलों पर दिए निर्देश
जनता दरबार में विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। सभी मामलों पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
- ग्राम पंचायत लामकांडे के प्रधान दिनेश सिंह रावत ने तहसील धनोल्टी की पट्टी सकलाना स्थित चुनारी गाड़ नाले से उत्पन्न खतरे के समाधान की मांग की। जिलाधिकारी ने जिला विकास अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
- मदन दास, निवासी बटवालधार (धनोल्टी) ने चंबा–मसूरी फल पट्टी क्षेत्र में अवैध पट्टों को नियमित कर पंजीकृत लीज किए जाने का अनुरोध किया। इस पर जिला उद्यान अधिकारी को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
- ग्राम पंचायत कोट की प्रधान ममता भट्ट ने बिना सहमति भूमि खरीद के मामले की शिकायत की। जिलाधिकारी ने तहसीलदार को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
- धीरज, निवासी रोलाकोट (प्रतापनगर) ने टिहरी बांध परियोजना से जुड़े प्रतिकर और विस्थापन का मुद्दा उठाया।
- सीता देवी, निवासी भरपूर पट्टी (प्रतापनगर) ने अंत्योदय राशन कार्ड की मांग की, जिस पर जिला पूर्ति अधिकारी को तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया।
- साहिमा, निवासी बौराड़ी ने पेयजल आपूर्ति बाधित होने की शिकायत दर्ज कराई। जिलाधिकारी ने जल संस्थान के अधिशासी अभियंता को शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
- ग्राम पंचायत पाली की प्रधान जयसुरी देवी ने सड़क निर्माण के दौरान मिट्टी डंपिंग से पेयजल स्रोत को हो रहे नुकसान और आपदा में क्षतिग्रस्त मार्ग के पुनर्निर्माण का मुद्दा उठाया। इस पर लोक निर्माण विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
- अखिलेश, निवासी रोलाकोट (प्रतापनगर) ने टिहरी बांध प्रभावित परिवारों को आवंटित भूमि पर भवन नक्शों की स्वीकृति में छूट देने का अनुरोध किया।
- सीता मनवाल, जिला पंचायत सदस्य (जौनपुर) ने मरोड़ा पुल स्थित खाद्य आपूर्ति गोदाम में निरीक्षक की नियमित अनुपस्थिति का मुद्दा उठाया, जिस पर जिला पूर्ति अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
समयबद्ध समाधान पर जोर
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि जनता की शिकायतों का त्वरित और पारदर्शी समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जनता दरबार में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश, जिला विकास अधिकारी मो. असलम सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।






