मध्यप्रदेश

वृहद सफाई अभियान चलाकर कचरा मुक्त भारत की संकल्पना को करें साकार : डीएम

गोपेश्वर । स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार बैठक हुई। इसमें जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समस्त ग्राम पंचायत एवं शहरी क्षेत्रों में वृहद स्तर पर स्वच्छता अभियान संचालित करते हुए ‘कचरा मुक्त भारत’ की संकल्पना को साकार किया जाए।

डीएम हिमांशु खुराना ने कहा कि सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों, अस्पतालों, सार्वजनिक स्थानों, चारधाम यात्रा मार्ग और धार्मिक और पर्यटक स्थलों पर जन सहभागिता से मिशन मूड में वृहद स्वच्छता कार्यक्रम चलाया जाए। उन्होंने कहा कि लीगेसी वेस्ट यानी पुराना कूडा पर्यावरण के लिए भी नुकसानदायक होता है। यात्रा मार्गो एवं प्रमुख स्थानों पर लीगेसी वेस्ट का भी निस्तारण किया जाए। सभी एसडीएम अपने स्तर पर स्वच्छता कार्यक्रम की नियमित मॉनिटरिंग भी सुनिश्चित करें।

परियोजना निदेशक आनंद सिंह ने बताया कि स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत 17 सितम्बर को पूरे जनपद में स्वैच्छिक श्रमदान से वृहद स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। जिला मुख्यालय में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 18 को राज्य स्तर पर स्वच्छता ही सेवा का औपचारिक शुभारंभ, उत्कृष्ट ग्राम पंचायतों को सम्मान और स्वच्छता गीत का विमोचन किया जाएगा। 27 को सफाई मित्रों के लिए शिविर लगाकर स्वास्थ्य सहित विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा। 27 सितम्बर को ही सबके सहयोग और श्रमदान से पर्यटक स्थलों एवं मेला स्थलों पर वृहद स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। एक अक्टूबर को समस्त विकासखंड एवं ग्राम पंचायत स्तर में स्वच्छता रैली एवं विद्यालयों में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। दो अक्टूबर को गांधी जयंती पर अधिकाधिक ग्राम पंचायतों में ग्राम सभा की बैठक में स्वच्छता की शपथ ली जाएगी। स्वच्छता पखवाड़े में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभागियों एवं विभिन्न प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button