उत्तर प्रदेशमहोबाराज्य खबरें

कानपुर–सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क धंसने से बढ़े हादसे, टोल वसूली पर उठे सवाल

जन एक्सप्रेस/महोबा: कानपुर–सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर खन्ना क्षेत्र सहित कई स्थानों पर सड़क धंसने से मार्ग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। सड़क पर बने गड्ढों और धंसे हुए हिस्सों के कारण आए दिन दोपहिया वाहन सवार दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। स्थानीय लोगों और राहगीरों में इस स्थिति को लेकर भारी आक्रोश है।
बताया जा रहा है कि खन्ना टोल प्लाजा पर वाहन चालकों से नियमित रूप से टोल टैक्स वसूला जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य सड़क के रखरखाव और मरम्मत कार्य को सुनिश्चित करना होता है। इसके बावजूद सड़क की बदहाल स्थिति पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जिससे दुर्घटनाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कुछ दिन पूर्व टोल प्लाजा कि कुछ दूरी पर बरभौली चौकी व खन्ना पावर हाउस के बीच सड़क किनारे लगे डस्ट के ढेर में लोग दुर्घटना का शिकार हुए थे, इसके उपरांत तत्काल डस्ट हटवा दी गई थी,तथा खन्ना बस स्टैंड के पास में सड़क पर हुए गड्ढे पर एक आटो व एक बाइक सवार दुर्घटना का शिकार हो चुके हैं।
इस संबंध में जब खन्ना टोल प्लाजा पर शुल्क वसूल रहे मैनेजर पवन सिंह से सड़क मरम्मत को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि “हमें सड़क मरम्मत कार्य से कोई मतलब नहीं है, हमारा काम केवल वाहनों से टोल टैक्स वसूलना है।”
टोल प्लाजा प्रबंधन के इस बयान के बाद जिम्मेदार विभागों की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराई जाए, ताकि भविष्य में होने वाली दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button