मानव–वन्यजीव संघर्ष रोकथाम को लेकर रुद्रप्रयाग वन विभाग का जागरूकता अभियान तेज
स्कूलों और ग्रामीण क्षेत्रों में गोष्ठियों के माध्यम से वन्यजीव संघर्ष न्यूनीकरण पर दी जा रही विशेष जानकारी

जन एक्सप्रेस रुद्रप्रयाग।वन्यजीव संघर्ष की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए रुद्रप्रयाग वन प्रभाग पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय दिखाई दे रहा है। इसी क्रम में खांकरा रेंज के वन क्षेत्राधिकारी संजय कुमार के नेतृत्व में विभिन्न स्थानों पर जन जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।राजकीय इंटर कॉलेज गहड़खाल एवं नव ज्योति पब्लिक हाई स्कूल नगरासू में आयोजित गोष्ठियों में छात्रों, ग्रामीणों और स्थानीय लोगों को मानव–वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान की गईं। वन क्षेत्राधिकारी संजय कुमार ने बताया कि वन विभाग जनता की सुरक्षा और संरक्षण के लिए हर समय तत्पर है। उन्होंने लोगों से सावधानी बरतने के साथ ही आवश्यक सुझाव भी साझा करने की अपील की।कार्यक्रम के दौरान विभाग की ओर से कुछ टोल-फ्री नंबर उपलब्ध कराए गए, ताकि आपात स्थिति में कोई भी व्यक्ति आसानी से सहायता प्राप्त कर सके। साथ ही जागरूकता संबंधी दिशानिर्देश भी वितरित किए गए, जिनमें जंगल क्षेत्रों में सतर्कता, वन्यजीवों के व्यवहार, तथा संघर्ष की स्थिति में उठाए जाने वाले कदमों की विस्तृत जानकारी दी गई।मानव–वन्यजीव संघर्ष के बढ़ते मामलों को देखते हुए प्रभागीय वनाधिकारी रजत सुमन ने समस्त जनपदवासियों से अपील की कि वे वन विभाग द्वारा जारी दिशानिर्देशों का पालन करें तथा किसी भी आपदा या संघर्ष की स्थिति में तुरंत विभाग से संपर्क करें। उन्होंने आश्वस्त किया कि वन विभाग हर संभव सुरक्षा, सहयोग एवं संरक्षण के लिए सदैव तैयार है।






