उत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहरदोई

हरदोई में नदियों का जलस्तर बढ़ने से निर्माणाधीन पुलों का काम ठप, भारी मशीनें पानी में डूबीं

जन एक्सप्रेस/ हरदोई: पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश और बैराजों से पानी छोड़े जाने के कारण रामगंगा, गंभीरी और गंगा नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। इसके चलते हरदोई के सांडी क्षेत्र में निर्माणाधीन पुलों का कार्य पूरी तरह ठप हो गया है। निर्माण स्थल पर लगी कई भारी मशीनें बाढ़ के पानी में डूब गई हैं।

बताया जा रहा है कि जलस्तर इतनी तेजी से बढ़ा कि ठेकेदारों और मजदूरों को मशीनें सुरक्षित स्थान पर हटाने तक का समय नहीं मिल सका।

13 करोड़ रुपये के पुल का निर्माण रुका

रामगंगा नदी में आई बाढ़ का असर गंभीरी नदी पर भी पड़ा है। बानामऊ और नंदना के बीच करीब 13 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे पक्के पुल का निर्माण कार्य फिलहाल रोक दिया गया है।

वहीं, बढ़ते जलस्तर के कारण नंदना-चंद्रमपुर मार्ग और अर्जुनपुर स्थित पांटून पुल के पीपे भी पानी में तैरने लगे हैं। इससे कटरी क्षेत्र के दर्जनों गांवों का संपर्क प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।

पीपे और मशीनें बचाने में जुटे विभाग

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सेतु निगम और लोक निर्माण विभाग (PWD) की टीमें पोकलैंड मशीनों की मदद से पांटून पुल के पीपों और पानी में फंसी मशीनों को सुरक्षित निकालने में जुटी हैं।

सेतु निगम के अवर अभियंता धीरेश गौतम ने बताया कि रामगंगा नदी के बढ़े जलस्तर के कारण गंभीरी नदी भी उफान पर है, जिससे पुल निर्माण कार्य प्रभावित हुआ है। विभाग लगातार मशीनों और पुल संरचना को सुरक्षित करने का प्रयास कर रहा है।

प्रशासन ने जारी किया अलर्ट

प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। तटीय क्षेत्रों के ग्रामीणों को नदियों के किनारे न जाने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button