उत्तराखंडहरिद्वार

नशामुक्त भारत अभियान में गायत्री परिवार और देव संस्कृति विश्वविद्यालय की प्रभावी भूमिका

जन एक्सप्रेस/ हरिद्वार: अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा दशकों से संचालित नशामुक्ति अभियान को भारत सरकार के ‘नशामुक्त युवा-विकसित भारत’ अभियान के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर नई ऊर्जा मिली है। नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम में अखिल विश्व गायत्री परिवार और देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार के प्रतिनिधियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए युवाओं से नशामुक्त, स्वस्थ, संस्कारित और राष्ट्रनिष्ठ जीवन अपनाने का आह्वान किया।

दशकों से नशामुक्ति के लिए काम कर रहा गायत्री परिवार

अखिल विश्व गायत्री परिवार के संस्थापक युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य ने अपने रचनात्मक सप्त आंदोलनों में नशामुक्ति अभियान को प्रमुख स्थान दिया था। उनके मार्गदर्शन में शुरू हुआ यह अभियान पिछले कई दशकों से देशभर में व्यसनमुक्ति, नैतिक जागरण, चरित्र निर्माण और स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में जनजागरण कर रहा है।

वहीं देव संस्कृति विश्वविद्यालय भी शिक्षण, शोध, युवा प्रशिक्षण, ग्राम विकास अभियानों और राष्ट्रीय सेवा गतिविधियों के माध्यम से नशामुक्ति तथा मूल्य आधारित जीवनशैली को बढ़ावा देने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है।

ढाई करोड़ युवाओं की ऑनलाइन भागीदारी

राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में ऑनलाइन माध्यम से लगभग ढाई करोड़ युवाओं ने सहभागिता की। विभिन्न राज्यों के जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, सामाजिक संगठनों और युवा संस्थाओं ने भी अभियान से जुड़कर नशामुक्त भारत के संकल्प को मजबूत किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि विकसित भारत का आधार जागरूक, स्वस्थ और नशामुक्त युवा शक्ति है। उन्होंने युवाओं से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और इसे सामाजिक जनआंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया।

केंद्रीय मंत्रियों ने डॉ. चिन्मय पण्ड्या के कार्यों की सराहना की

कार्यक्रम केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस दौरान नशामुक्ति अभियान के क्षेत्र में देव संस्कृति विश्वविद्यालय के उपाध्यक्ष डॉ. चिन्मय पण्ड्या के नेतृत्व में किए जा रहे कार्यों की सराहना की गई।

नशामुक्ति को राष्ट्र निर्माण से जोड़ा

कार्यक्रम में शामिल गायत्री परिवार और देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिनिधियों ने कहा कि युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा शुरू किया गया नशामुक्ति अभियान आज विकसित भारत की संकल्पना से सीधे जुड़ गया है।

उन्होंने कहा कि नशामुक्ति केवल सामाजिक सुधार का अभियान नहीं, बल्कि व्यक्तित्व परिष्कार, परिवार सुदृढ़ीकरण, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और राष्ट्र निर्माण का भी आधार है।

उन्होंने बताया कि शांतिकुंज, गायत्री परिवार और देव संस्कृति विश्वविद्यालय आने वाले समय में भी जनजागरण, युवा प्रेरणा, व्यसनमुक्ति अभियान और मूल्यनिष्ठ शिक्षा के माध्यम से इस राष्ट्रीय अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाते रहेंगे।

कार्यक्रम में देव संस्कृति विश्वविद्यालय के हजारों युवाओं ने वर्चुअल माध्यम से जुड़कर भागीदारी की और नशामुक्त भारत के संकल्प को मजबूत किया।

-सीपी बहुगुणा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button