अम्बेडकर प्रतिमा से छेड़छाड़ पर प्रशासन सख्त, कपड़ा हटवाया गया

जन एक्सप्रेस/ जौनपुर: जौनपुर जिले में डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा से छेड़छाड़ का मामला सामने आने के बाद प्रशासन तत्काल हरकत में आ गया। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद नगर पालिका प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर प्रतिमा पर बंधा कपड़ा हटवा दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र आज प्रातः उच्च न्यायालय में एक वाद के संबंध में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने हेतु प्रयागराज के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान उन्हें दूरभाष पर सूचना मिली कि किसी विशेष राजनीतिक दल के कार्यकर्ताओं द्वारा भारतीय संविधान के शिल्पकार भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर अपना एकाधिकार जताते हुए उसे कपड़े से बांध दिया गया है।
सूचना मिलते ही जिलाधिकारी ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया और अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देश मिलते ही नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची और प्रतिमा से कपड़ा हटाकर स्थिति को सामान्य किया।
प्रशासन ने इस मामले को संवेदनशील मानते हुए त्वरित कार्रवाई के साथ-साथ सामाजिक समरसता बनाए रखने पर भी जोर दिया। नगर पालिका परिषद के अधिकारियों ने डॉ. भीमराव अम्बेडकर सेवा समिति के सदस्यों के साथ समन्वय स्थापित कर सकारात्मक संवाद किया, जिससे किसी भी प्रकार का विवाद या तनाव उत्पन्न न हो।
वहीं, इस पूरे प्रकरण को लेकर पुलिस अधीक्षक द्वारा भी संज्ञान लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।






