हरदोई में पशु तस्करों से पुलिस की मुठभेड़, गोली लगने से एक आरोपी घायल, 3 शातिर गिरफ्तार

जन एक्सप्रेस/हरदोई: हरदोई जनपद के हरपालपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और अंतर्जनपदीय पशु तस्करों के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक शातिर पशु तस्कर गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो अन्य साथी मौके से गिरफ्तार कर लिए गए। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से एक चोरी की भैंस, करीब 80 हजार रुपये की नगदी, चोरी में प्रयुक्त पिकअप डाला और अवैध हथियार भी बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, हरपालपुर थाना पुलिस को लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय पशु तस्करी गिरोह के बारे में इनपुट मिल रहे थे। जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में बीते दिनों हुई पशु चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस लगातार संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई थी। इसी क्रम में बीती रात पुलिस टीम चेकिंग अभियान चला रही थी।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुछ पशु तस्कर चोरी की भैंस को पिकअप डाले में लादकर क्षेत्र से बाहर ले जाने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही हरपालपुर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की और संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख पशु तस्करों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही काबू में ले लिया। वहीं, उसके दो अन्य साथियों को भी घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के बाद घायल आरोपी को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
गिरफ्तार किए गए तीनों अभियुक्त शातिर किस्म के पशु तस्कर बताए जा रहे हैं, जिनका आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। प्रारंभिक पूछताछ में अभियुक्तों ने जनपद हरदोई सहित आसपास के जिलों में पशु चोरी की कई वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से एक चोरी की भैंस बरामद की है, जिसे सुरक्षित स्थान पर रखा गया है। इसके साथ ही करीब 80 हजार रुपये की नगदी, चोरी की वारदात में इस्तेमाल किया गया पिकअप डाला और अवैध शस्त्र भी बरामद किए गए हैं।
मामले को लेकर क्षेत्राधिकारी हरपालपुर सत्येंद्र सिंह ने बताया कि पशु चोरी और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।







