
जन एक्सप्रेस /टिहरी गढ़वाल :- पूर्व मंत्री एवं पर्यटन नेता दिनेश सिंह धनाई ने अपने जनसंवाद कार्यक्रम के तहत चंबा विकासखंड के ग्राम चामनी-मखलोगी का दौरा कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करने का भरोसा दिलाया।
बैठक को संबोधित करते हुए दिनेश सिंह धनाई ने कहा कि वह लगातार टिहरी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों का भ्रमण कर जनता की समस्याओं और जरूरतों को समझने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व केवल चुनाव तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उन्हें नियमित रूप से जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आज कई जनप्रतिनिधि जनता से दूर हो गए हैं, जबकि वे स्वयं गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद स्थापित कर रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से भी अपने जनप्रतिनिधियों से पांच वर्षों के कार्यकाल का हिसाब मांगने की अपील करते हुए कहा कि जागरूक जनता ही क्षेत्र के विकास की दिशा तय करती है।
धनाई ने अपने कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि मखलोगी पट्टी में आईटीआई नकोट, घंटाकर्ण पेयजल योजना, बीएससी नर्सिंग कॉलेज तथा नकोट गैस एजेंसी जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। उन्होंने कहा कि पहले क्षेत्र के लोगों को गैस सिलेंडर भरवाने के लिए ऋषिकेश जाना पड़ता था, लेकिन अब यह सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध है। इसके अलावा उन्होंने क्षेत्र में सड़क निर्माण एवं डामरीकरण के कार्यों का भी उल्लेख किया।
बैठक के दौरान ग्रामीणों ने बेरोजगारी, सड़क, दूरसंचार सेवाओं की कमी तथा बस सेवा की समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। धनाई ने इन सभी मुद्दों के समाधान के लिए संबंधित विभागों के समक्ष प्रभावी ढंग से पैरवी करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर उत्तम सिंह मखलोगा, पूर्व प्रधान गजेंद्र सिंह मखलोगा, ध्यान सिंह मखलोगा, जसवंत सिंह मखलोगा, गंभीर सिंह मखलोगा, कुंवर सिंह मखलोगा, विक्रम सिंह मखलोगा, सुरेंद्र सिंह मखलोगा, बलवंत सिंह मखलोगा, दिनेश सिंह मखलोगा, होशियार सिंह मखलोगा, युद्धवीर सिंह मखलोगा, सभासद अरविंद मखलोगा, पूर्व प्रधान जयवीर सिंह पंवार, चंद्रवीर सिंह मखलोगा, सुंदर सिंह मखलोगा, कमान सिंह मखलोगा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।






