सोशल मीडिया पर सूबे के मुख्यमंत्री और नवरात्रि व देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वाला युवक गिरफ्तार

जन एक्सप्रेस/महराजगंज: भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे ठूठीबारी क्षेत्र में इंटरनेट के सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर मुस्लिम समुदाय के एक युवक द्वारा सूबे के मुख्यमंत्री और नवरात्रि पर्व व हिन्दू देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने की मामला प्रकाश में आया है। टिप्पणी के वायरल होते ही हिंदू संगठनों में आक्रोश फैल गया। मामले में ठूठीबारी कोतवाली पुलिस प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक, मुस्लिम समुदाय से जुड़े सैफिल्लाह पुत्र अज़ीमुल्लाह ने प्रदेश के मुख्यमंत्री, नवरात्रि पर्व और हिंदू देवी देवताओं पर अभद्र भाषा का प्रयोग कर धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली आपत्तिजनक टिप्पणी सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर पोस्ट की थी। इस पोस्ट को देखते ही स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों में रोष फैल गया और विरोध की स्थिति बनने लगी। स्थिति को नियंत्रित करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोतवाली पुलिस प्रशासन तत्काल हरकत में आया।
इस संबंध में ठूठीबारी कोतवाली प्रभारी महेंद्र मिश्रा ने बताया कि अभद्र टिप्पणी के मामले की जांच पड़ताल और प्राप्त प्रार्थना पत्र के आधार पर अभियुक्त सैफिल्लाह पुत्र अज़ीमुल्लाह निवासी धरमौली हिरासत में ले लिया गया। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। अभियुक्त को न्यायालय पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
वही पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी धर्म और समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।






