उत्तराखंड

घनसाली में निशुल्क स्वास्थ्य सेवा सप्ताह का समापन, 3 दिन में 1122 मरीजों ने लिया लाभ

जन एक्सप्रेस/ घनसाली: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलेश्वर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित तीन दिवसीय निशुल्क सेवा सप्ताह का सफलतापूर्वक समापन हो गया। शिविर में क्षेत्र के दूर-दराज गांवों से बड़ी संख्या में लोग स्वास्थ्य जांच और विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने पहुंचे। तीन दिनों के दौरान कुल 1122 मरीजों की ओपीडी दर्ज की गई।

तीन दिन में 1122 मरीजों की ओपीडी

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार शिविर के पहले दिन 175, दूसरे दिन 424 और तीसरे दिन 523 मरीजों की ओपीडी दर्ज हुई। इस दौरान मरीजों को स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक दवाइयां निशुल्क उपलब्ध कराई गईं।

शिविर के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं, जिससे उन्हें उपचार के लिए दूर-दराज क्षेत्रों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ी।

36 दिव्यांग प्रमाण पत्र और 73 आयुष्मान कार्ड बने

निशुल्क सेवा सप्ताह के दौरान 36 लोगों के दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाए गए। वहीं 73 लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड भी तैयार किए गए।

इसके अलावा 220 मरीजों के एक्स-रे किए गए। जरूरतमंद मरीजों को विभिन्न आवश्यक जांच, चिकित्सकीय परामर्श और दवाइयां भी निशुल्क उपलब्ध कराई गईं।

स्वास्थ्य अधिकारियों ने की कर्मचारियों की सराहना

समापन अवसर पर एसीएमओ डॉ. चंदन मिश्रा और भिलंगना प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. उषा भट्ट मौजूद रहे। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों के कार्यों की सराहना की।

अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के स्वास्थ्य शिविर ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित हो रहे हैं। ऐसे आयोजनों के माध्यम से विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराई जा सकती हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि भविष्य में भी इस तरह के जनहितकारी स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के अधिक से अधिक लोगों तक बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा सकें।

-पंकज भट्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button