गणतंत्र दिवस पर यूपी की लखपति दीदियों का गौरवपूर्ण प्रदर्शन
दिल्ली की परेड में उत्तर प्रदेश से शामिल होंगी 14 आत्मनिर्भर महिलाएं

जन एक्सप्रेस/लखनऊ।दिल्ली में आयोजित होने वाली गणतंत्र दिवस परेड में इस वर्ष उत्तर प्रदेश की 14 लखपति दीदियां प्रदेश का नाम रोशन करेंगी। ये महिलाएं राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (SRLM) के अंतर्गत गठित स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनी हैं और आज महिला सशक्तिकरण की सशक्त मिसाल बन चुकी हैं।
स्वयं सहायता समूहों से मिली आर्थिक मजबूती
राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत प्रशिक्षण, स्वरोजगार और वित्तीय सहायता के माध्यम से इन महिलाओं ने न केवल अपनी आय बढ़ाई, बल्कि अपने परिवार और समाज को भी आत्मनिर्भरता की राह दिखाई। इन्हीं उपलब्धियों के चलते इन्हें गणतंत्र दिवस की परेड में भाग लेने का गौरव प्राप्त हुआ है।
बिजनौर से दो महिलाएं करेंगी प्रतिनिधित्व
बिजनौर जिले से ऋतु हलदर और सुमन रानी गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होंगी। दोनों महिलाओं ने स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से स्वरोजगार अपनाकर लखपति बनने का मुकाम हासिल किया है।
रायबरेली, गोरखपुर और देवरिया की दीदियां भी शामिल
रायबरेली की गुड़िया देवी, गोरखपुर की राजकुमारी देवी और मनसा देवी, जबकि देवरिया की आशा गुप्ता इस ऐतिहासिक परेड का हिस्सा बनेंगी।
बलिया, चित्रकूट और संभल से भी सहभागिताबलिया से दुर्गेश तिवारी, चित्रकूट से निर्मला देवी, तथा संभल से अनुपम सिंह और मोनिका परेड में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी।
इटावा, झांसी और कौशांबी की महिलाएं बढ़ाएंगी गौरव
इटावा की मनमती और विजेता कुमारी, झांसी की प्रवेश कुमारी तथा कौशांबी की सरिता देवी भी इस अवसर पर शामिल होकर महिला सशक्तिकरण का संदेश देंगी।
महिला सशक्तिकरण की जीवंत मिसाल
इन लखपति दीदियों की गणतंत्र दिवस परेड में सहभागिता न केवल उत्तर प्रदेश के लिए गर्व की बात है, बल्कि यह ग्रामीण महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणादायक कहानी भी है।






