
जन एक्सप्रेस / पुरोला : उप जिला चिकित्सालय पुरोला के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज असवाल के स्थानांतरण को लेकर चल रहे विरोध के बीच प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. सुबोध उनियाल ने तबादले पर पुनर्विचार का सकारात्मक आश्वासन दिया है। इस संबंध में भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक मालचंद ने स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात कर क्षेत्रहित में ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि पर्वतीय क्षेत्रों में पहले से ही चिकित्सकों की कमी बनी हुई है। ऐसे में अनुभवी डॉक्टरों के स्थानांतरण से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होंगी और स्थानीय लोगों को इलाज के लिए अतिरिक्त परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
पूर्व विधायक मालचंद ने बताया कि डॉ. मनोज असवाल ने अपने कार्यकाल के दौरान क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई हैं। उनके कार्य और व्यवहार के कारण पुरोला, मोरी और नौगांव सहित आसपास के क्षेत्रों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए उप जिला चिकित्सालय पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल में छोटी-छोटी बीमारियों के लिए मरीजों को रेफर करने की स्थिति में भी काफी सुधार हुआ है।
उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री से डॉ. असवाल का स्थानांतरण निरस्त करने की मांग की। इस पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. सुबोध उनियाल ने मामले पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए तबादले पर पुनर्विचार का आश्वासन दिया।
क्षेत्रवासियों को अब उम्मीद है कि जनहित और स्वास्थ्य सेवाओं को ध्यान में रखते हुए सरकार इस मामले में जल्द उचित निर्णय लेगी।






