मुख्यमंत्री योगी के दिशा-निर्देशन में टैबलेट, मेडल व नकद पुरस्कार का वितरण
जिलाधिकारी और जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में हुआ आयोजन

जन एक्सप्रेस/चित्रकूट : केंद्र और राज्य स्तरीय बोर्ड परीक्षाओं में उच्च अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ स्थित लोक भवन से वर्चुअल रूप से आरंभ किया गया।
इसी क्रम में जनपद चित्रकूट के कलेक्ट्रेट सभागार में हाई स्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2025 में उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव ने की। इस अवसर पर जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन, मुख्य विकास अधिकारी अमृतपाल कौर, मऊ मानिकपुर विधायक अविनाश द्विवेदी, भाजपा जिला अध्यक्ष महेंद्र कोटार्य, कोऑपरेटिव बैंक चित्रकूट बांदा के अध्यक्ष पंकज अग्रवाल, नगर पालिका परिषद कर्वी के अध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता, पूर्व सांसद भैरव प्रसाद मिश्रा, पूर्व लोक निर्माण मंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, जिला महामंत्री मनोज तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
सम्मानित छात्रों की सूची :
हाई स्कूल परीक्षा 2025 में टॉप करने वाले 10 में से 8 छात्रों को सम्मानित किया गया, जिनमें धीरेंद्र कुमार, सूरज कुमार, पीयूष मिश्रा, सुमित यादव, ओमकार निषाद, रविंद्र कुमार सिंह, शिवांश पटेल, तेजस्वी यादव, श्रद्धा सिंह, रविकेश शामिल रहे।
इंटरमीडिएट परीक्षा 2025 में सरिता, हरिओम अग्रहरि, विनायक भास्करम, अंशु देवी, निहारिका देवी, काजल, रविकांत शुक्ला, गौरव सिंह, आयुष सिंह, प्रिया देवी और प्राची त्रिपाठी को चुना गया।
इन सभी को टैबलेट, मेडल, प्रशस्ति पत्र और 21,000 रुपए का डेमो चेक भेंट किया गया।
जिलाधिकारी ने इस अवसर पर कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का लक्ष्य है कि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को उत्कृष्ट बनाया जाए ताकि छात्र-छात्राएं देश का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने बताया कि चंदौली, भदोही और मलिहाबाद क्षेत्र के विद्यालयों के लिए भवन निर्माण हेतु धनराशि स्वीकृत की गई है, जिससे स्कूलों का नवीनीकरण किया जा सके।
जिला पंचायत अध्यक्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि मौजूदा सरकार शिक्षा और रोजगार को प्रोत्साहन देने में अग्रणी भूमिका निभा रही है।
कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक एस के मिश्रा, अभिभावकगण, छात्र-छात्राएं एवं अधिकारी उपस्थित रहे।






