उत्तर प्रदेशजौनपुरभ्रष्टाचार

घूस लेते रंगे हाथ पकड़ा गया सरपतहां थाने का हेड मोहर्रिर

एंटी करप्शन की टीम ने किया गिरफ्तार थाने में मचा हड़कंप!

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: सरपतहां थाने में बुधवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया जब वाराणसी से आई एंटी करप्शन टीम ने थाने पर तैनात हेड मोहर्रिर मुंशी हरिनाम को घूस लेते हुए रंगे हाथ धर दबोचा। करीब 11 बजे हुई इस कार्रवाई के दौरान थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों और आमजन के बीच अफरातफरी मच गई।

मिली जानकारी के अनुसार, हेड मोहर्रिर हरिनाम पर पट्टी नरेंद्रपुर निवासी शिकायतकर्ता विपिन मौर्या से एक मामले में पैरवी के एवज में लगातार पैसे की मांग करने का आरोप था। तंग आकर शिकायतकर्ता ने इसकी जानकारी एंटी करप्शन टीम को दी। तय योजना के अनुसार, टीम ने जाल बिछाया और जैसे ही हरिनाम घूस की रकम स्वीकार कर रहा था, टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी मोहर्रिर को टीम सीधे थाने से ही अपने साथ जिला मुख्यालय ले गई, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस अचानक हुई कार्रवाई से पूरे थाने में सन्नाटा पसरा रहा, और पुलिसकर्मियों के चेहरों पर तनाव साफ झलक रहा था।

स्थानीय लोगों में चर्चा का बाजार गर्म है। कई लोग इसे ‘बर्फ के नीचे छुपी आग’ बताते हुए कहते हैं कि ऐसे मामलों की तह तक जाना बेहद जरूरी है। आमजन का कहना है कि यह तो सिर्फ एक चेहरा है, जांच हो तो और भी कई परतें खुल सकती हैं।

प्रशासन पर उठे सवाल
इस घटना ने एक बार फिर पुलिस महकमे की कार्यप्रणाली और भ्रष्टाचार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या थानों में जनता की सेवा के नाम पर चल रहा भ्रष्टाचार अब खुले आम होने लगा है? क्या आला अधिकारी इस दिशा में ठोस कदम उठाएंगे? फिलहाल पूरे जिले में इस सनसनीखेज गिरफ्तारी की चर्चा जोरों पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button