बजरंग बाल संस्कार केंद्र में भव्य कन्या भोज और संस्कार कार्यक्रम सम्पन्न
सेवा भारती द्वारा संचालित केंद्र में मिल रही है निर्धन बच्चों को शिक्षा, संस्कार और कौशल विकास की प्रेरणा

जन एक्सप्रेस चित्रकूट (सीतापुर)।सेवा भारती चित्रकूट द्वारा संचालित बजरंग बाल संस्कार केंद्र, बान तालाब, सीतापुर में रविवार को एक भव्य कन्या भोज एवं भंडारा प्रसाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आयोजन में लगभग 100 कन्याओं को भोज कराकर उन्हें दक्षिणा (₹10) भी प्रदान की गई। साथ ही 150 से अधिक बच्चों, महिलाओं व बुजुर्गों ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। यह कार्यक्रम सेवा भारती के संस्कार, सेवा और शिक्षा के मूल उद्देश्य को प्रत्यक्ष रूप से सामने लाता है।
बच्चों के लिए शिक्षा और संस्कार का केंद्र
बजरंग बाल संस्कार केंद्र में लगभग 35 निर्धन एवं वंचित बच्चों को निशुल्क शिक्षा दी जाती है। ये बच्चे वे हैं जो या तो स्कूल नहीं जाते या स्कूल के बाद खेलकूद और अनुशासनहीन गतिविधियों में समय व्यतीत करते हैं।यहां उन्हें प्रतिदिन 2 घंटे का ट्यूशन, योग, हनुमान चालीसा पाठ, पेंटिंग, ड्राइंग, और मिट्टी से खिलौने व उपयोगी वस्तुएं बनाने का प्रशिक्षण दिया जाता है। साथ ही बच्चों को स्वास्थ्य, नशा मुक्ति, संस्कार, हिंदू पर्वों का महत्व, और शिष्टाचार की भी शिक्षा दी जाती है।
अद्भुत परिणाम, बढ़ती रुचि
सेवा भारती के जिला महामंत्री राज किशोर शिवहरे ने बताया कि यह बाल संस्कार केंद्र मात्र 6-7 महीने पुराना है, लेकिन इसके परिणाम अद्भुत और उत्साहजनक हैं। बच्चों की बढ़ती रुचि को देखते हुए अब इसे स्थायी रूप से संचालित करने की योजना है, जिसके लिए स्थानीय शिक्षकों का सहयोग लिया जाएगा।
सभी बच्चों को मिल रही निशुल्क शिक्षण सामग्री
सेवा भारती के अध्यक्ष गुरु प्रकाश शुक्ला ने बताया कि अब नए बच्चों का आगमन लगातार जारी है और शीघ्र ही यह संख्या पचास से अधिक हो जाएगी। सभी बच्चों को निशुल्क पाठ्य सामग्री और अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।इस पुण्य आयोजन में सेवा भारती के अध्यक्ष गुरु प्रकाश शुक्ला, जिला महामंत्री राज किशोर शिवहरे, जिला स्वावलंबन प्रमुख शिव कुमार, कोषाध्यक्ष राजकिशोर त्रिपाठी, मंत्री शिवा कुमार, स्थानीय मंदिर के महंत व अन्य सदस्यगण उपस्थित रहे। सभी ने इस सेवा कार्य की भूरी-भूरी प्रशंसा की और समाज से ऐसे कार्यों से जुड़ने की अपील की।






