उत्तर प्रदेशहाथरस

सीट बदलने पर शिक्षक बना हैवान, कक्षा 7 के छात्र की पिटाई से फटा कान का पर्दा

हाथरस के सासनी क्षेत्र में शिक्षा के मंदिर को किया शर्मसार

जन एक्सप्रेस हाथरस: जिले के सासनी थाना क्षेत्र अंतर्गत सलेमपुर स्थित श्री बलवंत सिंह इंटर कॉलेज से शिक्षा व्यवस्था को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ महज सीट बदलने की बात पर एक शिक्षक ने कक्षा 7 के छात्र के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया।पीड़ित छात्र प्रिंस ठाकुर को शिक्षक की पिटाई के बाद बेहोशी की हालत में पाया गया। आरोप है कि स्कूल प्रशासन ने मामले की गंभीरता को छिपाते हुए परिजनों को सूचना देने के बजाय छात्र को होश में लाकर चुपचाप स्कूल बस से घर भेज दिया।
अगले दिन खुला राज, जांच में सामने आया कान का पर्दा फटना
घर पहुंचने के अगले दिन छात्र को कान में असहनीय दर्द हुआ, जिसके बाद परिजनों ने जब डॉक्टर को दिखाया तो जांच में सामने आया कि मारपीट के कारण छात्र के कान का पर्दा फट गया है। फिलहाल पीड़ित छात्र का इलाज जिला अस्पताल हाथरस में चल रहा है।
आक्रोशित परिजनों ने की सख्त कार्रवाई की मांग घटना से आहत और आक्रोशित परिजनों ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ सासनी थाने में तहरीर देकर कठोर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि अगर समय रहते इलाज न मिला होता तो छात्र की सुनने की क्षमता स्थायी रूप से प्रभावित हो सकती थी।
पुलिस बोली—जांच जारी, कार्रवाई के निर्देश
इस मामले में सासनी थानाध्यक्ष ललित शर्मा ने बताया कि“छात्र के पिता द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।”सवालों के घेरे में स्कूल प्रशासन की भूमिका घटना ने न सिर्फ शिक्षक की संवेदनहीनता उजागर की है, बल्कि स्कूल प्रशासन की भूमिका पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर क्यों एक घायल छात्र की जानकारी परिजनों को नहीं दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button