उत्तराखंडनई टिहरी

टिहरी में जनता दरबार: जिलाधिकारी ने सुनीं 60 जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

नई टिहरी में आयोजित जनता दरबार में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने 60 शिकायतों की सुनवाई की।

जन एक्सप्रेस / नई टिहरी में सोमवार को जिला सभागार में आयोजित जनता दरबार कार्यक्रम में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने जनपदवासियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान कुल 60 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें पेयजल, पुनर्वास, मुआवजा, पेंशन और अन्य स्थानीय समस्याएं प्रमुख रूप से शामिल रहीं।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन और जन समर्पण पोर्टल पर लंबित शिकायतों की समीक्षा भी की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से पेंशन से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि शिकायतों के निस्तारण में देरी पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जनता दरबार में सौंग बांध परियोजना से प्रभावित एवं विस्थापित परिवारों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। ग्राम रंगड़, तहसील धनोल्टी के सौंग बांध प्रभावित एवं विस्थापित विकास समिति के पदाधिकारियों ने पूर्ण मुआवजा, पुनर्वास और अन्य लाभ दिलाने की मांग की। इस पर जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि प्रभावित परिवारों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।

नगर पालिका परिषद चम्बा के सभासद द्वारा क्षेत्र की जर्जर सड़कों का मुद्दा उठाया गया। पुरानी टिहरी रोड, ऋषिकेश रोड और धरासू रोड की खराब स्थिति को सुधारने के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए। इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चम्बा के पास और अन्य महत्वपूर्ण मार्गों पर सड़क मरम्मत एवं इंटरलॉक टाइल लगाने के निर्देश भी दिए गए।

तहसील जाखणीधार के ग्राम गराकोट में जल जीवन मिशन के तहत कई घरों में पेयजल कनेक्शन न होने की शिकायत सामने आई। इस पर जल निगम को तत्काल कार्रवाई करने और सभी घरों तक पानी की सुविधा पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

वहीं, कंडीसौड़ तहसील की एक महिला ने ऑलवेदर रोड परियोजना के तहत अधिग्रहित मकान और दुकान का मुआवजा न मिलने की शिकायत दर्ज कराई। जिलाधिकारी ने इस मामले में बीआरओ और संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा, ग्रामीण क्षेत्रों में खराब पैदल मार्ग, खुली राइजिंग लाइन और अन्य बुनियादी समस्याओं को लेकर भी शिकायतें आईं। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वे इन समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें।

इस मौके पर सीडीओ वरुणा अग्रवाल, एडीएम शैलेंद्र नेगी, एसडीएम टिहरी, सीएमओ सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button