उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

जौनपुर: लुटेरी दुल्हन का शिकार बना बांदा का युवक; शादी का झांसा देकर लाखों की नकदी और गहने लेकर फरार

जन एक्सप्रेस/ जौनपुर : उत्तर प्रदेश के जौनपुर में ‘लुटेरी दुल्हन’ का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बांदा निवासी एक युवक को शादी का झांसा देकर युवती और उसके साथियों ने करीब एक लाख रुपये, मोबाइल और कीमती सामान लूट लिया और मौके से फरार हो गए। घटना लाइन बाजार थाना क्षेत्र के शाहगंज हाईवे स्थित कमला नेहरू इंटर कॉलेज के पास की है।

सोशल मीडिया से शुरू हुई थी कहानी

पीड़ित रवि द्विवेदी (निवासी बांदा) के अनुसार, कुछ महीने पहले सोशल मीडिया के माध्यम से उनकी मुलाकात ‘श्वेता’ नाम की युवती से हुई थी। बातों ही बातों में रवि ने अपने साले आनंद पांडेय (निवासी रीवा) के विवाह की चर्चा की, जिस पर श्वेता ने जौनपुर में एक अच्छा रिश्ता होने की बात कही और कोर्ट मैरिज कराने का आश्वासन दिया।

योजनाबद्ध तरीके से बिछाया गया जाल

  • 17 अप्रैल: रवि अपने साले और साढ़ू के साथ बदलापुर पहुंचे, जहां श्वेता ने उन्हें लड़की और उसके कथित परिजनों (चाचा रमेश शर्मा और भाई सुमित शर्मा) से मिलवाया।

  • दस्तावेजों का खेल: युवती ने विश्वास जीतने के लिए आधार कार्ड भी दिखाया। अगले दिन कोर्ट मैरिज की बात तय हुई।

  • 18 अप्रैल: श्वेता ने कथित वकील के साथ मिलकर लोहिया पार्क के पास फर्जी कागजी कार्रवाई पूरी की और विदाई के नाम पर लड़की पक्ष की ‘गरीबी’ का हवाला देकर 80 हजार रुपये ऐंठ लिए।

कच्चे रास्ते पर दिया वारदात को अंजाम

पैसे लेने के बाद श्वेता और उसके साथी पीड़ितों को ऑटो से शाहगंज हाईवे किनारे ले गए। वहां एक कच्चे रास्ते पर पहले से ही 6 लोग मौजूद थे। आरोप है कि वहां डरा-धमकाकर पीड़ितों से मोबाइल, नकदी और बैग लूट लिया गया और सभी आरोपी फरार हो गए।

पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल

पीड़ित का आरोप है कि घटना के बाद जब वे शीतला चौकियां चौकी पर शिकायत करने गए, तो पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। वहीं, चौकी प्रभारी राम प्रकाश यादव का कहना है कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है और न ही कोई लिखित प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है।

यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है कि यह केवल लूट का मामला है या इसके पीछे मानव तस्करी और खरीद-फरोख्त का कोई बड़ा गिरोह सक्रिय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button