जौनपुर: शादी से मुकरा प्रेमी तो नाबालिग प्रेमिका ने दी जान, इलाके में सनसनी

जन एक्सप्रेस/ जौनपुर: जनपद के जफराबाद थाना क्षेत्र के अहमदपुर गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की ने प्रेमी द्वारा शादी से इनकार करने पर जहर खाकर आत्महत्या कर ली। उपचार के दौरान किशोरी की मौत हो गई, जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इंस्टाग्राम से शुरू हुई थी प्रेम कहानी
जानकारी के अनुसार, अहमदपुर निवासी चपरासी सोनकर की पुत्री आरती सोनकर (16 वर्ष) का पड़ोस के नाथुपुर रामनगर गांव की दलित बस्ती के एक युवक से संपर्क हुआ था। दोनों के बीच इंस्टाग्राम के जरिए बातचीत शुरू हुई, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंधों में बदल गई।
शादी से इनकार बना मौत का कारण
बताया जा रहा है कि आरती अपने प्रेमी पर शादी करने का दबाव बना रही थी, लेकिन प्रेमी ने साफ तौर पर इनकार कर दिया। प्रेमी की बेरुखी से आहत होकर आरती ने रविवार को जहरीला पदार्थ खा लिया। घर में हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल जिला चिकित्सालय ले गए।
वाराणसी ले जाते समय तोड़ा दम
जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने आरती की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे ट्रामा सेंटर, बीएचयू (वाराणसी) रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर वाराणसी जा रहे थे, लेकिन रास्ते में एक निजी अस्पताल पहुंचते-पहुंचते उसने दम तोड़ दिया। परिजन शव को लेकर घर लौटे, जिसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिसिया कार्रवाई
घटना के संबंध में चौकी प्रभारी राधेश्याम सिंह ने बताया कि मृतका की मां की तहरीर मिल गई है। आरोपी युवक के खिलाफ उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्यवाही की जा रही है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।






