उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

तहसीलदार मछलीशहर का सख्त संदेश: “सीधे मिलें, हर काम होगा आसान – दलालों से रहें सावधान”

जन एक्सप्रेस/ जौनपुर : मछलीशहर तहसील में प्रशासनिक व्यवस्था को पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के लिए तहसीलदार ने एक बड़ी मुहिम छेड़ दी है। तहसीलदार की कार्यशैली और भ्रष्टाचार पर उनके कड़े प्रहार की क्षेत्र में जमकर प्रशंसा हो रही है। ‘न्याय आपके द्वार’ अभियान के तहत तहसीलदार अब गांव-गांव जाकर चौपाल लगा रहे हैं और जनता की समस्याओं का मौके पर निस्तारण कर रहे हैं।

दलालों और बिचौलियों पर कड़ा प्रहार

सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में तहसीलदार ने जनता को स्पष्ट और सख्त लहजे में संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि आम जनता को अपने राजस्व या प्रशासनिक कार्यों के लिए किसी भी बिचौलिये या दलाल के पास जाने की आवश्यकता नहीं है। जनता सीधे उनके कार्यालय में आकर अपनी समस्या बता सकती है।

“जनता को गुमराह करने वालों पर होगी कार्रवाई”

तहसीलदार ने भ्रष्टाचार के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ अपनाते हुए कहा, “जो लोग जनता को गुमराह कर अनावश्यक धन की वसूली करते हैं, उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।” उन्होंने भरोसा दिलाया कि तहसील में आने वाले प्रत्येक फरियादी का कार्य पूरी पारदर्शिता और नियमों के दायरे में रहकर किया जाएगा।

आम जनता को मिली राहत, दलालों में हड़कंप

प्रशासन की इस सक्रियता से जहां स्थानीय नागरिकों में उत्साह है, वहीं तहसील परिसर में सक्रिय रहने वाले बिचौलियों और दलालों में हड़कंप मचा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि तहसीलदार की इस पहल से अब उन्हें बिना किसी अतिरिक्त खर्च और बिना भटकाव के न्याय मिलने की उम्मीद जगी है।

स्थानीय नागरिकों ने तहसीलदार के इस कदम को भ्रष्टाचार के खिलाफ एक मजबूत और ऐतिहासिक पहल बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button