
जन एक्सप्रेस/ अमेठी : पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में तैनात सेना के जवान विनोद सिंह का इलाज के दौरान निधन हो गया। वह अमेठी के मुसाफिरखाना थाना क्षेत्र के दादरा गांव के निवासी थे। जानकारी के मुताबिक, 2008 में मराठा रेजिमेंट में भर्ती हुए विनोद सिंह देश की विभिन्न सीमाओं पर अपनी सेवा दे चुके थे। कुछ दिन पहले उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिसके बाद उन्हें सेना के अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान गुरुवार को उनकी मृत्यु हो गई।
शनिवार दोपहर सेना के वाहन से उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव पहुंचा, जहां हजारों की संख्या में लोग अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़े। ‘भारत माता की जय’ और ‘विनोद सिंह अमर रहे’ के नारों से पूरा गांव गूंज उठा। मुसाफिरखाना के सीओ अतुल सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और लोगों ने विनोद सिंह के बलिदान को नमन किया।