चैंपियंस ट्रॉफी से पहले पाकिस्तान में बड़ा आतंकी हमला, 11 की मौत छह घायल

जन एक्सप्रेस/लखनऊ: 19 फरवरी से पाकिस्तान में चैंपियंस ट्रॉफी शुरू होनी है, लेकिन सुरक्षा कारणों से भारत ने अपनी टीम को वहां भेजने से इनकार कर दिया है। इस बीच शुक्रवार को बलूचिस्तान प्रांत में हुए एक बड़े आतंकी हमले ने पाकिस्तान की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हमले में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हुए हैं। घायलों में से दो की हालत नाजुक बताई जा रही है।
कोयला खनिकों के ट्रक पर हुआ रिमोट से धमाका
बलूचिस्तान के हरनई जिले में एक ट्रक, जिसमें कोयला खनिक सवार थे, को रिमोट कंट्रोल डिवाइस से निशाना बनाया गया। धमाके के समय ट्रक में 17 श्रमिक थे, जिनमें से अधिकांश की मौत हो गई। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि घटनास्थल पर भगदड़ मच गई। फिलहाल किसी भी आतंकी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
बलूचिस्तान में बढ़ते आतंकवाद का खतरा
बलूचिस्तान प्रांत लंबे समय से आतंकवाद का केंद्र रहा है। खनिज संपन्न यह इलाका पाकिस्तान और चीन के आर्थिक परियोजनाओं का हिस्सा है, जिसका स्थानीय लोग विरोध कर रहे हैं। बलूच लोगों का आरोप है कि उनके संसाधनों पर गैरकानूनी कब्जा किया जा रहा है। इस विरोध के चलते प्रांत में चीनी प्रोजेक्ट्स और नागरिक अक्सर आतंकी हमलों के निशाने पर रहते हैं।
सरकार ने जांच और सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया
बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उन्होंने घायल श्रमिकों को बेहतर चिकित्सा सुविधा देने के निर्देश भी दिए। वहीं, प्रांतीय सरकार ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं और शुरुआती रिपोर्ट्स के अनुसार, विस्फोटक को सड़क किनारे प्लांट किया गया था।






