जीतो व्यापार मेले का भव्य शुभारंभ, आत्मनिर्भर भारत की ओर मजबूत कदम
उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, उद्योग मंत्री नंदी व राज्य सूचना आयुक्त डॉ. दिलीप अग्निहोत्री ने किया उद्घाटन

जन एक्सप्रेस लखनऊ। जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन (जीतो) द्वारा आयोजित दो दिवसीय व्यापार मेले ‘कॉर्नवल’ का शुभारंभ मोतीमहल लखनऊ में हुआ। इस अवसर पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, उद्योग मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, तथा राज्य सूचना आयुक्त डॉ. दिलीप अग्निहोत्री मुख्य रूप से उपस्थित रहे और कार्यक्रम को संबोधित किया।
स्टार्टअप से लेकर उद्योगपतियों तक, जीतो का व्यापक प्रभाव
जीतो संस्था का उद्देश्य स्टार्टअप, घरेलू और कुटीर उद्योगों को बढ़ावा देना है, जिससे उद्यमियों को स्वावलंबी बनने का अवसर मिले। साथ ही, यह मंच बड़े उद्योगपतियों को भी जोड़ता है, जो सामाजिक-आर्थिक गतिविधियों में भागीदारी निभाते हैं।
“उत्तर प्रदेश निवेश का नया हब बन चुका है” – उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक
अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ वर्षों में निवेश के अनुकूल माहौल बना है। कानून-व्यवस्था में सुदृढ़ता, सिंगल विंडो सिस्टम, इज ऑफ डूइंग बिजनेस, बेहतर कनेक्टिविटी और बिजली आपूर्ति जैसे पहलुओं पर राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
“यूपी बना देश की अर्थव्यवस्था का इंजन” – उद्योग मंत्री नंद गोपाल नंदी
उद्योग मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था वाला प्रदेश बन चुका है। “यूपी अब सरप्लस राजस्व वाला राज्य है और एक ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी बनाने की दिशा में अग्रसर है,” उन्होंने बताया। उन्होंने यह भी कहा कि इन्वेस्टर्स समिट और ग्लोबल इन्वेस्टमेंट प्रस्तावों के सफल क्रियान्वयन ने यूपी को उद्योगों के लिए एक पसंदीदा गंतव्य बना दिया है।
“व्यापार और विकास का मेल ही आत्मनिर्भरता का आधार” – डॉ. दिलीप अग्निहोत्री
राज्य सूचना आयुक्त डॉ. अग्निहोत्री ने कहा कि व्यापारिक गतिविधियों और औद्योगिक विकास को बढ़ावा देना ही आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का मूल आधार है। उन्होंने जीतो संस्था की प्रशंसा करते हुए इसे आर्थिक विकास और सामाजिक दायित्व के संतुलन का उदाहरण बताया।
यूपी ने किया इज ऑफ डूइंग बिजनेस में कीर्तिमान स्थापित
कार्यक्रम के दौरान यह भी बताया गया कि उत्तर प्रदेश ने ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में राष्ट्रीय स्तर पर कीर्तिमान स्थापित किया है और लैंड बैंक, उद्योगिक नीति, और डिजिटल प्रक्रिया प्रणाली के माध्यम से उद्योगपतियों के लिए सहज वातावरण तैयार किया गया है।नवाचार, नेटवर्किंग और नए अवसरों का मंच बना ‘जीतो कॉर्नवल’ जीतो का यह आयोजन नवाचार, नेटवर्किंग और नए व्यापारिक अवसरों को बढ़ावा देने वाला मंच बनकर उभरा है, जिसमें स्थानीय और राष्ट्रीय स्तर के उद्यमी, स्टार्टअप संस्थापक, निवेशक एवं उद्योग विशेषज्ञ शामिल हुए।






