उत्तरकाशीउत्तराखंड

उत्तरकाशी में जिला गायत्री परिवार की नई समन्वय समिति गठित

जन एक्सप्रेस/ उत्तरकाशी: अखिल विश्व गायत्री परिवार, उत्तरकाशी की जिला समन्वय समिति की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को जोशियाड़ा स्थित श्रीराम यज्ञशाला में शांतिकुंज हरिद्वार के वरिष्ठ प्रतिनिधि जय सिंह यादव एवं दिनेश चंद्र मैखुरी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जनपद के सभी विकासखंडों से पहुंचे सैकड़ों गायत्री परिजनों ने संगठन विस्तार, जन्मशताब्दी वर्ष के अधूरे संकल्पों को पूरा करने तथा संस्कार चेतना को जन-जन तक पहुंचाने का सामूहिक संकल्प लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ वेदमाता गायत्री, युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य, वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा एवं गुरुसत्ता के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन, पुष्पार्चन तथा सामूहिक गायत्री मंत्रोच्चार के साथ हुआ।

बैठक में जन्मशताब्दी समारोह के दौरान लिए गए संकल्पों और विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई। वक्ताओं ने कहा कि जिन संकल्पों का क्रियान्वयन अभी शेष है, उन्हें सभी गायत्री परिजनों के सामूहिक सहयोग से शीघ्र पूरा किया जाएगा। इसी उद्देश्य से सर्वसम्मति एवं स्वैच्छिक सहमति के आधार पर नई जिला संयुक्त समन्वय समिति का गठन किया गया।

नई जिला समन्वय समिति में ये पदाधिकारी चुने गए

  • जय स्वरूप बहुगुणा – जिला समन्वयक
  • अजय प्रकाश बड़ोला – सह समन्वयक
  • विशन सिंह चौहान – ट्रस्ट मंडल सदस्य
  • डॉ. मुरली मनोहर भट्ट – जिला ब्लॉक सदस्य
  • रेखा पयाल – भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा सदस्य
  • सुनील पंवार – युवा मंडल सदस्य
  • कीर्ति रावत – ‘आओ गढ़ें संस्कारवान पीढ़ी’ अभियान सदस्य
  • सुषमा राणा – महिला मंडल सदस्य

इसके अलावा गीता दनोथी, जय प्रकाश बहुगुणा एवं प्रेमलाल बिजल्वाण को समन्वय समिति का मानद सदस्य मनोनीत किया गया।

सभी नवमनोनीत पदाधिकारियों के नामों का उपस्थित गायत्री परिजनों ने प्रस्ताव, समर्थन और अनुमोदन किया। इसके बाद जय सिंह यादव ने गायत्री मंत्रोच्चार के बीच सभी पदाधिकारियों का तिलक कर सम्मानित किया और विश्वास व्यक्त किया कि नई टीम युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य के ‘व्यक्ति निर्माण से समाज निर्माण’ के अभियान को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाएगी।

बैठक के दौरान पूर्व गायत्री परिजन एवं समाजसेवी स्वर्गीय संदीप उनियाल को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उनके सामाजिक एवं संगठनात्मक योगदान को स्मरण करते हुए प्रशस्ति सम्मान-पत्र उनके पुत्र प्रज्वल उनियाल को भेंट किया गया। वक्ताओं ने स्व. संदीप उनियाल के सेवा, समर्पण और संस्कारमय जीवन को प्रेरणास्रोत बताते हुए उनके अधूरे कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

गढ़वाल मंडल जोन प्रभारी दिनेश चंद्र मैखुरी ने संगठन की भावी कार्ययोजना पर प्रकाश डालते हुए सेवा, साधना, स्वाध्याय और संस्कार की अलख को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।

बैठक में अनिल सकलानी, प्रेमलाल बिजल्वाण, महावीर सिंह रावत, सुनील पंवार, संगीता पयाल, यशपाल पयाल, वीरेंद्र नौटियाल, चंद्रप्रकाश बहुगुणा, प्रज्वल उनियाल सहित जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए सैकड़ों गायत्री परिजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन शांतिपाठ एवं राष्ट्र निर्माण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button