
जन एक्सप्रेस /नई टिहरी :- जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने नई टिहरी और चम्बा नगर पालिका के मोकरी स्थित कूड़ा डम्पिंग जोन का स्थलीय निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट का भी अवलोकन किया और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने डम्पिंग जोन से कूड़ा सड़क तक फैला होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से व्यवस्था में सुधार करने के निर्देश दिए ताकि कूड़ा सड़क पर न फैले और क्षेत्र में स्वच्छता बनी रहे।
जिलाधिकारी ने कूड़ा पृथक्करण (सेग्रीगेशन) के लिए संबंधित कंपनी के साथ हुए अनुबंध की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कूड़ा निस्तारण की पूरी प्रक्रिया वैज्ञानिक और निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित की जानी चाहिए।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने डम्पिंग जोन की सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक स्थानों पर सुरक्षात्मक बाउंड्री वॉल निर्माण का विस्तृत प्राक्कलन (इस्टीमेट) शीघ्र तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि समयबद्ध तरीके से निर्माण कार्य शुरू कराया जा सके।
उन्होंने कहा कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए डम्पिंग जोन का सुव्यवस्थित संचालन बेहद आवश्यक है। यदि कूड़ा निस्तारण वैज्ञानिक तरीके से किया जाएगा तो आसपास का वातावरण स्वच्छ रहेगा और स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, जिला खान अधिकारी रवि नेगी, ईओ नगर पालिका टिहरी वासुदेव डंगवाल, एडीवी प्रोजेक्ट मैनेजर अमित रुसिया सहित नगर पालिका एवं संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।






