
जन एक्सप्रेस /पुरोला :- उत्तरकाशी के पुरोला नगर में बिजली की अनियमित आपूर्ति और पेयजल संकट को लेकर शुक्रवार को सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश कुमार नगर मुख्य तिराहे पर सांकेतिक धरने पर बैठे। उन्होंने संबंधित विभागों से जल्द व्यवस्था सुधारने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो जनता के सहयोग से व्यापक जन आंदोलन शुरू किया जाएगा।
धरने के दौरान प्रकाश कुमार ने कहा कि लगातार बाधित हो रही विद्युत आपूर्ति से व्यापारियों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बार-बार बिजली कटने से व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं, जिससे छोटे कारोबारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। इसके अलावा विद्यार्थियों की पढ़ाई, बुजुर्गों की दिनचर्या और लोगों के दैनिक कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।
उन्होंने नगर में लगातार बने हुए पेयजल संकट का भी मुद्दा उठाया। उनका कहना था कि कई वार्डों में नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही है, जिससे लोगों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने जल संस्थान से सभी वार्डों में नियमित और सुचारु पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।
प्रकाश कुमार ने विद्युत विभाग से नगर और आसपास के क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति बहाल करने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि यदि बिजली और पेयजल की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो स्थानीय जनता को साथ लेकर बड़ा जन आंदोलन शुरू किया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने भी बिजली और पानी की समस्याओं के समाधान की मांग करते हुए संबंधित विभागों से शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई।






