उत्तर प्रदेशपीलीभीत

पेट्रोल पंप की मशीन से टकराया उड़ता ड्रोन, मची अफरा-तफरी

सुरक्षा एजेंसियों में हलचल, पुलिस ने कब्जे में लेकर शुरू की जांच

जन एक्सप्रेस/पीलीभीत : जिले के नौगवां ओवरब्रिज के समीप स्थित एक पेट्रोल पंप पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब गुरुवार सुबह एक उड़ता हुआ ड्रोन सीधे पंप की फ्यूल मशीन से जा टकराया। यह घटना इतनी अचानक हुई कि पंप पर काम कर रहे कर्मचारी और वहां मौजूद ग्राहक कुछ पल के लिए दहशत में आ गए। मशीन से टकराने के बाद ड्रोन जमीन पर गिर पड़ा, जिससे बड़ा हादसा होते-होते टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह लगभग 10 बजे पेट्रोल पंप पर सामान्य दिनों की तरह ही वाहनों में ईंधन भरने का कार्य चल रहा था। तभी एक छोटा ड्रोन हवा में तेजी से उड़ता हुआ पंप परिसर में घुसा और सीधे एक मशीन से टकरा गया। टक्कर के साथ ही तेज आवाज हुई, जिससे मौजूद लोग घबरा गए। पंपकर्मी दिनेश चंद्र शर्मा ने बताया कि घटना के तुरंत बाद सभी कर्मचारियों ने सतर्कता दिखाते हुए आपातकालीन प्रक्रिया अपनाई और पुलिस को सूचित किया।सूचना मिलने पर सुनगढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ड्रोन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह ड्रोन किसी शरारती तत्व द्वारा उड़ाया गया प्रतीत होता है, परंतु जब तक तकनीकी परीक्षण नहीं हो जाता, किसी निष्कर्ष पर पहुँचना उचित नहीं होगा।
पुलिस ने ड्रोन को विश्लेषण के लिए फोरेंसिक लैब भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसमें कोई कैमरा, रिमोट डेटा या जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम मौजूद है या नहीं। साथ ही यह भी पता लगाया जाएगा कि ड्रोन किस दिशा से आया, इसे नियंत्रित कौन कर रहा था, और इसका उद्देश्य क्या था।
घटना के बाद से इलाके के नागरिकों में चिंता का माहौल है। आम जनता का कहना है कि यदि यह ड्रोन विस्फोटक से लैस होता तो एक बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। वहीं सुरक्षा एजेंसियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आस-पास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है।
स्थानीय प्रशासन ने भी पेट्रोल पंप सहित अन्य संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक द्वारा थानों को सतर्क रहने के निर्देश जारी किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button